मेहनत और संघर्ष के आगे मनुष्य की हर कमी छुप जाती है। इसी का एक जीता जागता सबूत हैं, राजकीय स्कूल शाहपुर के दृष्टिहीन कार्यवाहक प्राचार्य प्रदीप सिंह। जिनके कुछ माह के मार्गदर्शन में शाहपुर स्कूल का 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम सौ प्रतिशत रहा। वहीं 10वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में भी राजकीय स्कूल शाहपुर के 90.32 प्रतिशत बच्चे पास हुए। बता दें कि 12वीं कक्षा में भी 24 छात्रों में से 12 छात्रों ने मेरिट में स्थान हासिल किया। जिसके लिए उन्होंने अध्यापक प्रबीन मित्तल, गुरमीत, बलजिंदर सिंह, संजय शर्मा, मीनाक्षी, पूनम सैनी, मैत्री धमीजा, मोनिका सेटिया, रजिंद्र कौर, अनमदीप, नेहा चोपड़ा आदि अध्यापकों को बधाई दी। साथ ही बलविंदर सिंह, राजीव अरोड़ा, सुरजीत सिंह, रणजीत सिंह व अन्य ने स्टाफ सदस्यों और बच्चों को बधाई दी।
2004 में केसरी से शाहपुर आए थे प्रदीप सिंह
प्रदीप सिंह केसरी स्कूल से 2004 में शाहपुर स्कूल आए थे। जहां वह बच्चों को पॉलिटिकल साइंस पढ़ाते हैं। अगस्त 2019 में उनके पास कार्यवाहक प्राचार्य का भार आया तो उन्होंने ठान लिया कि इस बार स्कूल के परीक्षा परिणाम को सुधारने के लिए वह नए प्रयास करेंगे। इसके लिए उन्होंने अध्यापकों से लेकर बच्चों तक पर मेहनत की और परीक्षा परिणाम में सुधार लाने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि 2004 में ही उन्होंने कंप्यूटर सीख लिया था, जिसके बाद से कंप्यूटर से संबंधित कार्य वह स्वयं ही करते हैं।