अंबाला। भीड़भाड़ पर नियंत्रण के लिए अंबाला मंडल ने रेलवे अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है जो यात्री सुविधाओं की भी निगरानी करेंगे, अगर कहीं कोई भी समस्या नजर आएगी तो उसका मौके पर ही समाधान भी करवाएंगे।
अंबाला मंडल के रेल प्रबंधक ने विभागीय अधिकारियों की तैनाती के निर्देश दिए हैं। वहीं, बिना टिकट यात्रियों की धरपकड़ के लिए भी वाणिज्य विभाग ने कर्मचारियों की तैनाती कर दी है। इसके अलावा संदिग्ध व शरारती तत्वों पर नजर रखने के लिए आरपीएफ कर्मचारियों को भी जीआरपी के साथ मिलकर पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
विशेष ट्रेनों की जानकारी
रेलवे ने भीड़भाड़ वाले रेल मार्गाें पर 20 से अधिक ट्रेनों का संचालन शुरु कर दिया है। इसमें अधिकांश ट्रेनें बिहार व यूपी की तरफ जाने वाली हैं। वहीं, स्टेशन पर तैनात अधीक्षकों व स्टेशन मास्टरों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वो स्पेशल ट्रेनों के संबंध में लगातार सूचना प्रसारित करते रहें ताकि दैनिक ट्रेनों में अगर भीड़ हो तो यात्री बिना किसी परेशानी के स्पेशल ट्रेनों में गंतव्य तक सफर कर सकें।
मेडिकल टीम रहेगी तैनात
रेलवे स्टेशन पर कोई हादसा न हो, इसके लिए भी योजना तैयार की गई है। रेलवे परिसर के आवागमन स्थलों को भीड़भाड़ से मुक्त रखा जाएगा। वहीं रेल पुल ओर से को भी खाली रखा जाएगा। वहीं, मेडिल इमरजेंसी के लिए भी रेलवे अस्पताल की टीमें तैनात रहेंगी।
आज से बढ़ेगी भीड़
प्राप्त जानकारी अनुसार शुक्रवार से रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में भीड़ बढ़ने का अंदेशा जताया गया है, इसलिए रेलवे ने पहले ही अपनी तैयारी पूरी कर ली है। वहीं, अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर आने वाली ट्रेनों में मूलभूत सुविधाएं जैसे पानी और सफाई आदि की दिक्कत को लेकर भी टीमें तैनात रहेंगी।
इसके अलावा ट्रेनों में महिला कोच की निगरानी के लिए भी आरपीएफ की सहेली टीम तैनात रहेगी। इस दौरान ट्रेन के दरवाजे खुलवाने के लिए आरपीएफ के कर्मचारी भी प्लेटफार्माें पर तैनात किए जाएंगे।
त्योहार के दिनों में रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में काफी भीड़ हो जाती है। इसलिए विभागीय अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वो स्टेशन पर तैनात रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे और अगर कहीं कोई दिक्कत है तो तालमेल स्थापित करते हुए समस्या का समाधान भी करवाएंगे। आरपीएफ को भी पूरी तरह से सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
एमएस भाटिया, डीआरएम अंबाला।