अंबाला सिटी। कुपोषण से नदी मोहल्ला निवासी प्रिंस की मौत की घटना स्थानीय निवासियों को काफी झकझोर दिया है। शनिवार को मोहल्ला में स्थानीय लोग एकत्रित हुए। उन्होंने इस घटना की निंदा की और अपने आक्रोश को जाहिर किया। स्थानीय लोगों ने कहा कि 24 वर्षीय प्रिंस की देखरेख में लापरवाही के कारण उसकी मौत हुई। उन्होंने इस लापरवाही के आरोप माता पिता पर लगाए। उन्होंने कहा कि वह जल्द पुलिस के पास एकत्रित होकर जाएंगे और इस मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग करेंगे।
आक्रोश प्रकट करने वालों में महिलाओं की संख्या अधिक दिखाई दी, वहीं दूसरी तरफ अंबाला सिटी थाने से पुलिस ने प्रिंस के माता पिता को थाने बुलाया था। हालांकि पुलिस ने बताया कि कागजी कार्रवाई को पूरा करने के लिए माता पिता को बुलाया गया था।
लोगों का आरोप है कि इस घटना ने उनके परिवार को झकझोर कर रख दिया है। अगर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो समाज में एक सही संदेश नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि अंधविश्वास के चक्कर में कोई अपने ही बेटे को कैसे सूली पर चढ़ा सकता है, वहीं दूसरी तरफ प्रिंस के माता पिता ने अपनी गरीबी को इसका कारण बताया है।