माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला सिटी। जिले की विभिन्न राजस्व अदालतों में जमीनी विवादों और राजस्व से जुड़े मामलों के निपटान की रफ्तार बेहद सुस्त चल रही है। हालात यह हैं कि जिले के आला अधिकारियों से लेकर तहसील स्तर तक की अदालतों में कुल 11,141 मामले विचाराधीन थे, जिनमें से केवल 1,651 मामलों का ही निस्तारण हो सका है। वर्तमान में 9,490 मामले अभी भी फैसले के इंतजार में लंबित हैं, जिससे न्याय की आस में चक्कर काट रहे फरियादियों की परेशानी बढ़ गई है।
राजस्व विभाग के 18 नवंबर तक के आंकड़ों पर गौर करें तो मामलों के लंबित रहने के मामले में उपमंडल मजिस्ट्रेट की अदालतें सबसे ऊपर हैं। एसडीएम कोर्ट में पुराने 4,342 और 456 नए मामलों को मिलाकर कुल 4,798 केस दर्ज थे। इनमें से 920 का निपटान हुआ, जबकि 3,878 मामले अभी भी पेंडिंग हैं।
वहीं, निचले स्तर पर नायब तहसीलदार की अदालतों का प्रदर्शन सबसे चिंताजनक है। यहां कुल 2,773 मामलों में से महज 84 का ही निपटान हो पाया है। इनका निपटान प्रतिशत मात्र 3.03 फीसदी रहा और 2,689 मामले लंबित पड़े हैं। इसके अलावा तहसीलदार कोर्ट में 891 में से 115 मामलों का निपटान हुआ और 776 मामले लंबित हैं।
-
आला अधिकारियों की अदालतों का हाल
मंडलायुक्त कार्यालय में कुल 2,190 मामले सामने आए, जिनमें से 412 का निपटान किया गया, जबकि 1,778 मामले लंबित हैं। उपायुक्त कोर्ट में 330 में से केवल 37 मामलों का ही निस्तारण हो सका (11.21 फीसदी) और 293 केस फैसले के इंतजार में हैं।
डीआरओ कोर्ट का प्रदर्शन सबसे बेहतर
सुस्त रफ्तार के बीच जिला राजस्व अधिकारी की अदालत का प्रदर्शन सबसे संतोषजनक रहा है। डीआरओ कोर्ट में कुल 159 मामलों में से 83 का त्वरित निपटान किया गया। 52.20 फीसदी की निपटान दर के साथ यह अदालत जिले में अव्वल रही, जहां अब केवल 76 मामले ही लंबित बचे हैं। जिले में पहले से 9,517 मामले लंबित थे और इस अवधि में 1,624 नए मामले दर्ज हुए। राजस्व अदालतों में तारीख पर तारीख मिलने और प्रशासनिक व्यस्तताओं के कारण लंबित मामलों का ग्राफ कम नहीं हो पा रहा है। यदि जल्द ही विशेष अभियान चलाकर इन मामलों का निपटारा नहीं किया गया, तो आमजन के लिए परेशानी और बढ़ सकती है।
राजस्व न्यायालयों में लंबित पुराने मामलों के निपटान के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। एक वर्ष से अधिक समय से लंबित मामलों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रत्येक मामले में देरी के कारणों, आवश्यक रिपोर्टों, साक्ष्यों और संबंधित पक्षों की उपस्थिति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित की जा रही है।
- सचिन गुप्ता, उपायुक्त।