अंबाला। कैंटोनमेंट बोर्ड की दुकानों को महज 8 से 10 हजार रुपये के किराए पर लेकर दूसरे को करीब 50 हजार रुपये तक की ऊंची दरों पर सब-लेट (किराए पर) देने का खुलासा हुआ है। अंबा मार्केट में कैंटोनमेंट बोर्ड की टीम की ओर से छापा मारने पर यह मामला सामने आया। इस दौरान कई दुकानदार जांच टीम को देखते ही दुकानें बंद कर गायब हो गए।
यह मामला तब सामने आया जब बोर्ड अधिकारियों को लगातार शिकायतें मिल रही थी कि दुकानों का संचालन उन लोगों द्वारा नहीं किया जा रहा है, जिन्हें बोर्ड ने आवंटित की हैं। छापा मारने पर पाया गया कि दुकान का कागजी मालिक यानी बोली दाता कोई और है जबकि दुकान में कारोबार कोई अन्य व्यक्ति कर रहा है।
पूछताछ के दौरान सब-लेटिंग की पुष्टि हुई। जांच के दौरान कई दुकानें बंद मिलीं, जिन्हें लेकर बोर्ड प्रशासन सख्त है। आने वाले दिनों में यह अभियान अन्य बाजारों में भी तेजी से चलाया जाएगा। ताकि ऐसे ही अन्य मामलों को पकड़ा जा सके। संवाद
अंबाला छावनी में कैंटोनमेंट बोर्ड के अधीन अंबा मार्केट में खुली साइकिल की दुकान। विभाग