अंबाला। भारी भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए रेलवे ने होली स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। ये ट्रेनें दिल्ली, सरहिंद और हरिद्वार जैसे प्रमुख स्टेशनों से चलकर यूपी और बिहार के विभिन्न शहरों को जोड़ेंगी। इन ट्रेनों के संचालन से न केवल यात्रियों को कंफर्म टिकट मिल सकेगा, बल्कि स्टेशनों पर होने वाली भीड़ को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी।
इन मार्गाें पर चलेंगी ट्रेनें
सरहिंद-मधुबनी-सरहिंद के बीच ट्रेन नंबर 04530/04529 चलेगी। यह आरक्षित स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन सरहिंद से 25 फरवरी, 2 मार्च और 6 मार्च को चलेगी। वापसी में मधुबनी से यह 26 फरवरी, 3 मार्च और 7 मार्च को रवाना होगी। इसमें एसी, स्लीपर और जनरल कोच की सुविधा होगी। इसी प्रकार अमृतसर-मानसी-अमृतसर से ट्रेन नंबर 04610/04609 का संचालन किया जाएगा। पंजाब से बिहार जाने वालों के लिए यह ट्रेन अमृतसर से 24 व 28 फरवरी और 4 मार्च को चलेगी। वापसी में मानसी से यह 26 फरवरी, 2 मार्च और 6 मार्च को चलेगी। ये स्पेशल ट्रेनें अपने मार्ग में अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, अयोध्या धाम, गोरखपुर, छपरा, हाजीपुर और सीतामढ़ी जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेंगी।
कटिहार-अमृतसर स्पेशल ट्रेन
ट्रेन संख्या 05736 कटिहार-अमृतसर 25 फरवरी से 25 मार्च 2026 तक प्रत्येक बुधवार को चलेगी। कटिहार से रात 9 बजे प्रस्थान करके ट्रेन अगले शुक्रवार सुबह 9:45 बजे अमृतसर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 05735 अमृतसर-कटिहार 27 फरवरी से 27 मार्च तक हर शुक्रवार को दोपहर 1:25 बजे अमृतसर से रवाना होगी और रविवार रात 11:45 बजे कटिहार पहुंचेगी। बीच रास्ते यह विशेष ट्रेन रास्ते में पूर्णिया जं., सीतामढ़ी, रक्सौल, गोरखपुर, गोंडा, सीतापुर, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर और अंबाला कैंट जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन में सामान्य, स्लीपर और एसी श्रेणी के कोच लगाए जाएंगे।
होली पर यूपी व बिहार जाने वाली ट्रेनों के संचालन के लिए रुपरेखा तैयार की गई थी। इसके आधार पर अब होली स्पेशल ट्रेनों की सूची और समय-सारिणी की गई है।
- एनके झा, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल।