अंबाला सिटी। शराब तस्करी के मामले में अंबाला क्राइम ब्रांच की टीम ने शनिवार को शराब तस्करी के आरोप में रवि गुर्जर को अंबाला से करीब रात आठ बजे गिरफ्तार किया। इसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम उसे लेकर सिटी के नागरिक अस्पताल पहुंची। यहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। मेडिकल कराने के बाद आरोपी को पानीपत स्टेट क्राइम ब्रांच टीम को सुपुर्द कर दिया गया है। आगे की जांच पानीपत की टीम करेगी।
बताया जाता है आरोपी कांग्रेस से समालखा के एक पूर्व विधायक का नजदीकी रिश्तेदार है। क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने अभी तक आरोपी के पास बरामद हुई शराब की मात्रा को लेकर पुष्टि नहीं की है। बताया जाता है कि आरोपी कलानौर का रहने वाला है और लंबे समय से शराब के कारोबार में सक्रिय रहा है। हालांकि अब जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगा कि शराब तस्करी का खेल कितना बड़ा है। फिलहाल आरोपी को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों की मानें तो आरोपी से पूछताछ के दौरान कई बड़े खुलासे होने की संभावना है। संवाद