संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। भारतीय सेना अग्निवीर स्कीम के तहत वर्ष 2027 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो चुकी हैं। हरियाणा के छह जिलों अंबाला, कैथल, कुरुक्षेत्र, करनाल, यमुनानगर, पंचकूला और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के पुरुष अभ्यार्थियों और दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल व चंडीगढ़ की महिला अभ्यार्थियों के लिए पंजीकरण 1 अप्रैल तक होगा। सभी योग्य लाभार्थी वेबसाइट पर पंजीकृत करवा सकते हैं।
यह भर्ती प्रक्रिया पुरुष वर्ग में अग्निवीर (सामान्य कर्तव्य), अग्निवीर (तकनीकी), अग्निवीर (लिपिक, स्टोर कीपर तकनीकी) और अग्निवीर ट्रेडमैन 10 और 8वीं पास व महिला वर्ग में (महिला मिलिट्री पुलिस) के लिए आयोजित की जा रही है। इस वर्ष से अग्निवीर में भर्ती के लिए पुरुष और महिला अभ्यार्थियों की अधिकतम आयु सीमा बढ़ाकर 21 वर्ष से 22 वर्ष कर दी है। अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में पहले चरण में ऑनलाइन प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी। ऑनलाइन परीक्षा की संभावित तारीख 1 से 15 जून है, यदि परीक्षा के दिनांक में कोई बदलाव होता है तो उसकी सूचना वेबसाइट पर जारी की जाएगी। दूसरे चरण में ऑनलाइन परीक्षा में मेरिट में चयनित अभ्यर्थियों को भर्ती रैली में शामिल होने के लिए बुलाया जाएगा।