अंबाला सिटी। राजकीय स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए सुपर-100 में पंजीकरण शुरू हो चुके हैं। पंजीकरण के बाद 5 फरवरी को खंड स्तरीय परीक्षा करवाई जाएगी। शिक्षा विभाग की ओर से पंजीकरण को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी किए जा रहे हैं। यह कार्यक्रम सभी खंड में चल रहे हैं। खंड नारायणगढ़, शहजादपुर व साहा में यह कार्यक्रम हो चुके हैं, जबकि बाकी खंड में भी किए जाएंगे। खंड स्तर के बाद जिला स्तर पर दूसरे चरण की परीक्षा 5 अप्रैल को करवाई जाएगी। इस परीक्षा का परिणाम 30 अप्रैल को आएगा और 5 मई को बैच शुरू होगा।
यह है सुपर-100 कार्यक्रम
इस योजना का शुभारंभ 2018 में हुआ था। सुपर-100 योजना का उद्देश्य 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्रों को आईआईटी और मेडिकल की निशुल्क कोचिंग प्रदान करना है। इस कार्यक्रम के माध्यम से पिछले चार वर्षों में 160 से अधिक छात्रों को आईआईटी, एनआईटी और सरकारी मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश मिला है। यह दो वर्षीय निशुल्क आवासीय प्रशिक्षण हैं। इसमें विकल्प फाउंडेशन की देखरेख में विद्यार्थी को 12वीं की पढ़ाई करवाने के साथ-साथ जेईई व नीट की प्रवेश परीक्षा के लिए तैयारी करवाई जाती है। इस योजना के तहत कई विद्यार्थी देश के बड़े सरकारी आईआईटी व मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई कर रहे हैं।
यह विद्यार्थी दे सकते हैं सुपर-100 परीक्षा
दरअसल, वर्तमान में 10वीं कक्षा में पढ़ रहे विद्यार्थी, जिन्होंने 9वीं कक्षा में 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं, उन विद्यार्थियों के लिए पंजीकरण करवाना अनिवार्य हैं। 60 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के लिए पंजीकरण करवाना ऐच्छिक रहेगा।
वर्जन
10वीं कक्षा में पढ़ने वाले बच्चे सुपर-100 के लिए परीक्षा देंगे। यह परीक्षा दो चरण में होगी। परीक्षा के लिए पंजीकरण नवंबर माह में शुरू हो गए हैं और 5 फरवरी को प्रथम चरण की परीक्षा करवाई जाएगी। पहले भी कई विद्यार्थी इस योजना के माध्यम से देश के बहुप्रतिष्ठित संस्थानों में पढ़ाई कर रहे हैं।
पूजा भारद्वाज, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, अंबाला।