अंबाला सिटी। जिले के शिक्षकों के लिए राज्य विज्ञान संगोष्ठी का आयोजन होगा। इसके लिए शिक्षक 25 नवंबर तक पोर्टल पर पंजीकरण करेंगे। जिला शिक्षा विभाग ने शिक्षकों को प्रतिभागिता के लिए पत्र जारी किया है। सभी बीईओ को भी निर्देश दिए हैं कि जिले से विज्ञान शिक्षक इस संगोष्ठी के लिए आवेदन करें।
इस संगोष्ठी का विषय टिकाऊ भविष्य के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी होगा। इस विषय पर शिक्षकों को लेख लिखना होगा। उसके आधार पर ही उनको चयनित किया जाएगा। यह चयन 30 नवंबर तक होगा। 10 दिसंबर को संगोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इस संगोष्ठी का आयोजन राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद हरियाणा गुरुग्राम की ओर से ऑनलाइन करवाया जाएगा।
संगोष्ठी के लिए यह भी रहेंगे उप विषय
इस संगोष्ठी में उप विषय भी दिए गए हैं। उन पर भी लेख लिख सकते हैं। इनमें प्रभावी विज्ञान शिक्षण के लिए डिजिटल उपकरणों और एप का उपयोग, वैज्ञानिक जागरूकता फैलाने में शिक्षकों की भूमिका, कार्बन उत्सर्जन कम करने के लिए हरित प्रौद्योगिकी, मिथकों से विधियों तक : वैज्ञानिक तरीकों से अंध विश्वासों पर विजय पाना, विज्ञान को बढ़ावा देने में विज्ञान मेलों और प्रतियोगिताओं की भूमिका, स्वदेशी ज्ञान और प्रथाओं को वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ एकीकृत करना शामिल हैं।
इस संगोष्ठी में प्रधानाचार्य या पीजीटी भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान या टीजीटी विज्ञान, डाइट विज्ञान संकाय, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, एबीआरसी, बीआरपी विज्ञान भाग ले सकते हैं। प्रधानाचार्य, शिक्षक सरकारी स्कूल से होने चाहिए।