फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कैंट एसडी कॉलेज में मनाया राज्यस्तरीय रेडक्रॉस दिवस सभी धर्मों का मूल सिर्फ मानव सेवा : राज्यपाल 

Mon, 09 May 2016 01:26 AM IST
अंबाला ब्यूरो/ अमर उजाला
विज्ञापन
रेडक्रास कार्यक्रम का उद्घाटन करते हरियाणा के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी। - फोटो : amar ujala
विज्ञापन
राज्यपाल प्रोफेसर कप्तान सिंह सोलंकी ने युवाओं का आह्वान किया कि वे रेडक्रॉस की मूल भावना को समझकर समाज सेवा की गतिविधियों में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि स्कूल और कॉलेज स्तर पर युवाओं को रेडक्रॉस गतिविधियों से जोड़कर समाज में मानव सेवा की भावना को एक जन आंदोलन के रूप में लागू किया जा सकता है।
विज्ञापन


राज्यपाल रविवार को एसडी कॉलेज अंबाला छावनी में विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम के प्रतिभागी विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वास्तव में सनातन धर्म की मूल भावना मानव सेवा है और उसी भावना के अनुरूप रेडक्रॉस सोसायटी भी रक्तदान, चिकित्सा शिविर, विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं में पीड़ितों के लिए राहत गतिविधियां चलाकर मानवता की सेवा के लिए समर्पित है।

उन्होंने कहा कि भारतीय ऋषि मुनियों ने भी मानवता की सेवा का संदेश दिया है और स्वामी विवेकानंद ने लोगों को यह संदेश देने के लिए नर सेवा-नारायण सेवा का मूल मंत्र दिया था। पंचकूला के विधायक एवं हरियाणा रेडक्रास सोसायटी के कोषाध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि रेडक्रॉस की गतिविधियों से जुड़ने के लिए व्यक्ति के मन में मानवता के प्रति संवेदना होना जरूरी है।
विज्ञापन


कर्नल जीपी तनेजा ने कहा कि स्वैच्छिक कार्यकर्ता मानवता की सेवा के साथ-साथ अपने-अपने क्षेत्र में कन्या भ्रूण हत्या और भ्रूण जांच की गैर कानूनी गतिविधियों को रोकने में भी सहयोग करें। उपायुक्त एवं जिला रेडक्रास सोसायटी के अध्यक्ष प्रभजोत सिंह ने इस अवसर पर कहा कि रेडक्रास सोसायटी का गठन युद्ध के समय घायलों की सहायता के लिए किया गया था लेकिन समय में परिवर्तन के साथ-साथ अब इसका कार्य क्षेत्र काफी विस्तृत हो चुका है।
 
भव्य प्रदर्शनी और विशाल रक्तदान शिविर आयोजित 
एसडी कॉलेज के मैदान में राज्य रेडक्रास सोसायटी के साथ-साथ प्रदेश के सभी 21 जिलों की सोसायटियों ने प्रदर्शनी का आयोजन किया। इस प्रदर्शनी में अंबाला रेडक्रास की गतिविधियों की सराहना करने के साथ-साथ राज्यपाल प्रोफेसर कप्तान सिंह सोलंकी ने भिवानी की सोसायटी की ओर से दिव्यांगों के लिए शुरू की गई ऑनलाइन आवेदन सुविधा, गुड़गांव की रेडक्रास सोसायटी की ओर से पॉलिथीन के नियंत्रण के लिए तैयार किए गए वैकल्पिक बैग व नशामुक्ति वैन, झज्जर रेडक्रास सोसायटी की ओर से लोगों को उपलब्ध करवाई जा रही जेनरिक दवाइयों की सुविधा व फिजियोथैरेपी, कैथल, करनाल की रेडक्रास सोसायटियों की ओर से दिव्यांगों के लिए कृत्रिम अंग उपलब्ध करवाने के प्रयासों की सराहना की। इसके अलावा  पंचकूला रेडक्रास सोसायटी द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता मिशन हस्ताक्षर अभियान, पानीपत रेडक्रास सोसायटी द्वारा युवाओं के स्वरोजगार के लिए फोटोफ्रेम के कार्य की प्रदर्शनी में विशेष रुचि दिखाई। रेडक्रास सोसायटी अंबाला द्वारा विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें 62 से अधिक स्वैच्छिक रक्तदाताओं, विद्यार्थियों, विभिन्न संगठनों के सदस्यों ने रक्तदान किया। 

गुड़िया नाटक से दिया संदेश 
कार्यक्रम में राजकीय उच्च विद्यालय गरनाला की छात्राओं ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ संदेश पर आधारित गुड़िया नामक लघु नाटिका प्रस्तुत की। विद्यार्थियों ने यह नाटिका प्राध्यापिका अनामिका वालिया के निर्देशन  में प्रस्तुत की और दर्शकों ने इस प्रस्तुति की प्रशंसा की। इस अवसर पर उपायुक्त प्रभजोत सिंह, पुलिस उपायुक्त अरुण सिंह नेहरा, एसडीएम कैप्टन शक्ति सिंह, नगराधीश प्रतिमा चौधरी, सिविल सर्जन डॉ. विनोद गुप्ता, रेडक्रास सोसायटी के सचिव अनिल जोशी, एसडी कॉलेज प्रिंसिपल राजिंद्र सिंह, एमडीएसडी कालेज की प्रिंसिपल किरण आंगरा के अलावा राजकीय बहुतकनीकी संस्थान के प्रिंसिपल पीके सोनी, जिला शिक्षा अधिकारी परमजीत शर्मा, डीपीआरओ परमजीत सैनी, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष जगमोहन लाल कुमार, भाजपा नेता मदन लाल शर्मा, नीता खेड़ा, डा. देवेंद्र ढींगरा, जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी अरुण कांत, समाज कल्याण अधिकारी विनोद, मत्स्य अधिकारी रवि बाठला आदि मौजूद रहे। 
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें