अंबाला कैंट। लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से कैंट के बीसी बाजार में शुरू
की गई रेडक्रास सोसायटी की डिस्पेंसरी अब अव्यवस्थाओं के कारण खुद बीमार पड़ी है।
इसका भवन रखरखाव के अभाव में जर्जर हो चुका है। विभाग के कर्मचारियों के समय पर नहीं आने और ज्यादातर समय डिस्पेंसरी के गेट पर ताला लगा रहने के कारण लोगों को इसका फायदा नहीं मिल रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले इस डिस्पेंसरी में बीसी बाजार, लालकुर्ती से लोग इलाज करवाने आते थे। अब यह डिस्पेंसरी अब लोगों के लिए फायदे का सौदा नहीं रही। लोगों के मुताबिक डिस्पेंसरी के खुलने और बंद होने और कर्मचारियों के आने और जाने का कोई वक्त तय नहीं है। यह सब उनकी मनमर्जी पर चलता है। यही कारण है कि क्षेत्र के लोग अब इस डिस्पेंसरी का सहारा लेना छोड़ सिविल अस्पताल से इलाज करवाते हैं। लोगों ने बताया कि कईं बार तो डिस्पेंसरी के गेट पर ताला लगा मिलता है या फिर काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है।
--------
‘पहले इस डिस्पेंसरी में बच्चों का इलाज करवाते थे, लेकिन अब तो इसके खुलने का कोई समय निर्धारित नहीं है। न ही डिस्पेंसरी के बाहर कोई बोर्ड लगा हुआ है ताकि जिससे हमें इसके खुलने का पता चल सके। ऐसे में मजबूरन प्राइवेट व सरकारी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ता है।’
- गीता देवी, बीसी बाजार
‘हमारा सारा परिवार 15-20 साल पहले तक रेडक्रास की बनी इस डिस्पेंसरी से दवाएं लेता रहा। लेकिनपिछले कुछ सालों से इस डिस्पेंसरी के हालात ही बुरे हो चुके हैं। पहले जहां, बच्चों को टीके लगाना, पल्स पोलियो के दौरान फायदा होता था, लेकिन अब तो यह सिर्फ कमरे के अलावा कुछ नहीं है। अब तो मरीजों ने भी आना लगभ बंद कर दिया है।’
- विजय कुमार, बीसी बाजार
-----------------
‘मुझे इस इलाके में रहते हुए 40 साल हो गए है और इस डिस्पेंसरी के हालत बिगड़ते जा रहे हैं। प्रशासन है कि इसके रखरखाव के लिए कोई कदम नहीं उठा रहा है, जिस कारण इलाके के ज्यादातर लोगों ने डिस्पेंसरी बंद हो गई समझ कर आना तक छोड़ दिया है।’
- हरीश, बीसी बाजार
-------------------
‘बीसी बाजार में जिला रेडक्रास सोसाइटी फैमिली प्लांनिग सेंटर है। जिसमें लोगों को केवल बीमारियों के बारे में जागरूक किया जाता है। इसकी इमारत खस्ता हालत में है, जबकि इसके लिए ग्रांट तक नहीं मिलती। फिर भी चैक करवाता हूं ताकि स्टाफ समय पर मौजूद रहे।’
- बलवान सिंह, जिला रेडक्रास सोसाइटी सेक्रेटरी