संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। कुरुक्षेत्र से 19 दिसंबर को पकड़े गए लॉरेंस बिश्नोई गैंग के चार शूटरों को टारगेट देने वाले अजमेर जेल के रामबीर जाट को अंबाला एसटीएफ ने काबू कर लिया। प्रोडक्शन वारंट पर लेने के बाद एसटीएफ ने आरोपी को कुरुक्षेत्र कोर्ट में पेश करने के बाद चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
रिमांड के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि किसके कहने पर शूटरों को रेवाड़ी-नारनौल हाईवे पर फिरौती के लिए फायरिंग करने का टारगेट दिया था। अंबाला एसटीएफ इससे पहले भिवानी जेल से नितिन को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई थी व रिमांड के बाद पकड़े गए चारों शूटर सहित न्यायिक हिरासत में भेज दिया था जबकि इस मामले में असलहा उपलब्ध करवाने वाले मुख्य आरोपी अमरजीत को रांची पुलिस ने काबू किया है।
यह था पूरा मामला
कुरुक्षेत्र में 19 दिसंबर को एसटीएफ ने पकड़े गए चार शूटर महेंद्रगढ़ के राता मोहल्ला निवासी नरेश कुमार व भालखी निवासी गगन व कैथल के दुधरेहड़ी गांव निवासी साहिल व राजस्थान के कोटपूतली जिला भगवाड़ी कलां निवासी जयंत कुमार को काबू किया था। आरोपियों से असलहा भी बरामद हुआ था। 10 दिन के रिमांड के दौरान आरोपियों ने रामबीर व नितिन का नाम कबूला था। आरोपियों के जमानत पर छुटते समय उन्हें टारगेट दिया जाता है कि कहां क्या वारदात करनी है और कहां से असलहा मिलेगा।