अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के निकासी द्वार पर बूम बेरियर सुविधा के तक लगाए गए बूथ।संवाद
अंबाला। अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए बेशक बूम बैरियर की सुविधा को शुरु कर दिया गया है। यहां अब रेल कर्मी पास बनवाने से कतरा रहे हैं। वहीं यूनियन का डर देकर ठेकेदार को धरने-प्रदर्शन की चेतावनी दे रहे हैं।
ठेकेदार के प्रतिनिधि की ओर से मामले की शिकायत वाणिज्य विभाग से की है, जिससे कि स्टेशन पर आने वाले दोपहिया वाहनों के पास बनाए जा सकें। मौजूदा समय में सिर्फ कारों की ही फीस ली जा रही है। इससे ठेकेदार को रोजाना आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ रहा है। वहीं यह भी सामने आया है कि यूनियन की तरफ से 250 से अधिक रेल कर्मचारियों की सूची भी सौंपी गई है ताकि सूची के हिसाब से कर्मचारियों के निशुल्क पास बनाए जा सकें।
ढाई करोड़ में पार्किंग का ठेका
अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर कार पार्किंग का ठेका लगभग ढाई करोड़ रुपये प्रति वर्ष के हिसाब से जारी किया गया है। इसमें दोपहिया पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध है। वहीं कारों के लिए दो प्रकार की सुविधाएं प्रदान की गई हैं। एक के तहत पिक एंड ड्रॉप सुविधा और दूसरी सीधा पार्किंग में वाहन को खड़ा करने की। इसके लिए रेट का भी निर्धारण किया गया है।
विवाद पर ठेकेदार का जवाब
सोशल मीडिया पर शुक्रवार को वायरल वीडियो पर ठेकेदार ने जवाब दिया कि जो भी कार रेलवे परिसर में दाखिल होती है। उससे पहले पूछा जाता है कि वो पिक एंड ड्रॉप की सुविधा लेगा या फिर पार्किंग में वाहन खड़ा करेगा। इस मामले में भी कार चालक ने पिक एंड ड्रॉप की सुविधा ली थी। इसलिए निर्धारित समय के हिसाब से ही उससे 200 रुपये का शुल्क वसूला गया है।
वर्जन
यह सुविधा प्रत्येक व्यक्ति के लिए है। इसमें रेल कर्मचारी भी शामिल हैं। उन्हें सुविधा के तहत अपने वाहन का पास बनवा लेना चाहिए जोकि निर्धारित रेट से आधी दर पर है।
नवीन कुमार, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल।