अंबाला। मोहड़ा गांव में नवविवाहिता 24 वर्षीय कर्मजीत कौर की 10 अप्रैल को हुई हत्या के मामले में परिजन इंसाफ के लिए भटक रहे हैं।
गुस्साए परिजनों ने शुक्रवार एकजुट होकर अंबाला कैंट एसडीएम कार्यालय के बाहर ही रोष जताया और पल्ली बिछाकर बाहर ही धरने पर बैठ गए। करीब दो घंटे तक तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी की मांग के लिए रोष जताने के बाद परिजनों ने डीएसपी अंबाला कैंट रमेश कुमार से मुलाकात की।
परिजनों को आश्वासन मिला कि तीसरे आरोपी की संलिप्तता पर गहनता से जांच चल रही है। जल्द ही इस मामले में एसआईटी का गठन किया जाएगा। इस आश्वासन के बाद परिजन वापस लौटे। बता दें कि इस मामले में पुलिस पति मोहित और सास को गिरफ्तार कर चुकी है।
मोहड़ा चौकी के बाहर मिला था आश्वासन
गुस्साए परिजनों का कहना था कि छह मई को भी मोहड़ा चौकी के बाद सात घंटे तक धरना दिया था। उस समय भी अंबाला कैंट डीएसपी रमेश ने एक दिन का समय मांगा था, बावजूद कोई गिरफ्तारी नहीं हुई थी। बात तक करना भी उचित नहीं समझा था। जबकि कार्रवाई की मांग को लेकर वह पहले अंबाला पुलिस अधीक्षक से भी मुलाकात कर चुके हैं। बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
पति और सास की हो चुकी गिरफ्तारी
बता दें कि मोहड़ा गांव में 24 वर्षीय नवविवाहिता कर्मजीत कौर की 10 अप्रैल संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मृतका के गले पर निशान भी मिले। उस समय मायके पक्ष ने पति पर ही नवविवाहिता की गला दबाकर हत्या करने के आरोप लगाए थे। परिजनों ने बताया कि एक साल पहले फरवरी 2024 में कर्मजीत कौर की मोहड़ा में मोहित के साथ शादी हुई थी। शादी के बाद से ससुराल वाले दहेज में कार न देने पर प्रताड़ित कर रहे थे। कर्मजीत को आदेश अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था।
वर्जन
परिजनों ने डीएसपी अंबाला कैंट रमेश कुमार से मुलाकात की थी। जल्द ही इस मामले में एसआईटी गठित कर जांच की जाएगी। जरनैल सिंह को सबूतों के आधार पर गिरफ्तार किया जाएगा, अभी जांच जारी है।
इंस्पेक्टर धर्मवीर, थाना प्रभारी पड़ाव
अंबाला कैंट के एसडीएम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे मृतका कर्मजीत कौर के परिजन: संवाद