अंबाला। अंबाला मंडल की ओर से करवाए जा रहे भानुपली-बिलासपुर-बेरी रेल लाइन का निरीक्षण शनिवार को रेलवे सुरक्षा आयुक्त ने किया। आगामी दो से तीन दिन में इसकी रिपोर्ट अंबाला मंडल को मिलेगी। इसके आधार पर ही ट्रेन के संचालन को लेकर योजना तैयार की जाएगी।
रेलवे सुरक्षा आयुक्त ने भानुपल्ली-बिलासपुर-लेह रेल परियोजना में 3.2 किलोमीटर लंबे नए परिवर्तित रेलवे ट्रैक का निरीक्षण किया है ताकि बिलासपुर की ओर भानुपल्ली से आगे का निर्माण कार्य पूरा हो सके। इस नए ट्रैक से आनंदपुर से नंगल रनिंग लाइन पर चलने वाली ट्रेनों को चलाया जाएगा। इस सुविधा से ट्रेनों का संचालन भी सुचारू ढंग से हो सकेगा।
55 प्रतिशत तक काम पूरा
इस परियोजना के तहत 62.60 किमी लंबी रेल लाइन बिछाई जाएगी। पंजाब के हिस्से में 14 किमी तो हिमाचल में 49 किमी लंबी रेल लाइन बिछेगी। रेलवे लाइन को बिछाने में 6753.42 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। रेलवे लाइन के निर्माण में दिसंबर 2023 तक 4477 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। लंबित कार्य को पूरा करने के लिए रेलवे ने वित्तीय वर्ष 2023-24 में एक हजार करोड़ रुपये और 2024-25 में 1700 करोड़ रुपये की राशि जारी की थी। इस वित्तीय वर्ष भी इस रेल लाइन के लिए फंड जारी होने की उम्मीद है।
रेलवे सुरक्षा आयुक्त ने शनिवार को भानुपली-बिलासपुर-बेरी रेल लाइन का निरीक्षण किया है। यहां एक 3.2 किमी का नया परिवर्तित ट्रैक तैयार किया गया है ताकि ट्रेनों का संचालन सुचारु ढंग से हो सके और आगामी कार्य को भी पूरा किया जा सके। इसकी रिपोर्ट दो से तीन दिन में आएगी। इसके आधार पर ही ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।
विनोद भाटिया, डीआरएम अंबाला।