अंबाला में रेलवे कर्मचारियों के क्वार्टरों की रंगाई-पुताई न होने से कर्मचारी नाराज हैं। ठेकेदार की लेबर कमी के कारण काम रुका है। यूनियन और अधिकारी समस्या के समाधान के प्रयास कर रहे हैं।
अंबाला। रेलवे कर्मचारी सरकारी क्वार्टरों के रंग-रोगन का इंतजार कर रहे हैं। इस परेशानी को लेकर अब रेलवे कर्मचारियों का गुस्सा सोशल मीडिया पर नजर आने लगा है। वीरवार को भी जब समस्या का समाधान नहीं हुआ तो रेलवे कर्मचारियों ने ठेकेदार पर काम न करने के आरोप जड़ दिए तो ठेकेदार ने भी रेलवे अधिकारियों की कोठियों पर काम कर रही लेबर का हवाला देकर पल्ला झाड़ लिया। ऐसे में अब समस्या के समाधान को लेकर रेल कर्मचारियों ने यूनियन पदाधिकारियों से संपर्क साधना शुरु कर दिया है ताकि त्योहारों से पहले उनके क्वार्टरों की व्यवस्थाएं दुरुस्त हो सकें।
ठेकेदार के पास नहीं हैं पर्याप्त कर्मचारी
उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन अंबाला मंडल के खंड-1 के खजांची माम चंद ने ठेकेदार की कार्यशैली पर सवाल उठाए। इस संबंध में उन्होंने यूनियन के मंडल सचिव को पत्र लिखकर जानकारी दी है कि रेल कर्मचारियों के घरों में रंग-रोगन नहीं हो रहा है और वह जोन-वर्क के ठेकेदार से काम करवाने में असमर्थ नजर आ रहे हैं क्योंकि ठेकेदार रंगाई-पुताई करने वाले कर्मचारियों की संख्या को नहीं बढ़ा रहा है। इसकी वजह से रेल कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ठेकेदार ने सिर्फ छह या सात श्रमिक ही काम पर लगा रखे हैं और वो भी ठेकेदार ये बोल कर अपना पल्ला झाड़ देता है कि अधिकारी की कोठी में लेबर लगी हुई है
-
इस समस्या के समाधान को लेकर संबंधित विभाग से मंत्रणा की जाएगी ताकि त्योहारों से पहले रेलवे क्वार्टरों में रंग-रोगन का काम हो सके। अगर फिर भी कोई समस्या है तो ठेकेदार के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
एनके झा, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल।