अंबाला। स्कूल में बोर्ड एग्जाम की छुट्टियां की चल रही हैं और दूसरी कक्षा भी बंद हैं। इस बात का फायदा उठाते हुए चंडीगढ़ के सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले कक्षा 6 के 3 छात्र ट्रेन में बैठ अंबाला पहुंच गए। स्टेशन पर लावारिस हालत में देख रेलवे चाइल्ड टीम ने तीनों बच्चों को संरक्षण में लिया।
रेलवे चाइल्ड टीम कोऑडिनेर्टर राकेश चोपड़ा ने बताया कि बच्चे शनिवार शाम मिले थे। टीम सदस्य मोहित जब जीआरपी के साथ स्टेशन पर सर्च अभियान चला रहे थे तो तीनों बच्चे प्लेटफार्म 1 पर घूम रहे थे। तीनों बच्चों को रेलवे चाइल्ड कार्यालय लाया गया। तीनों बच्चों की अलग-अलग काउंसलिंग की गई, उन्होंने बताया कि वह चंडीगढ़ के एक सरकारी स्कूल में पढ़ते हैं। कक्षा 10 और 12 वीं के बोर्ड एग्जाम को लेकर स्कूल में छुट्टियां चल रही हैं। इसलिए वह परिजनों को जानकारी दिए बगैर घूमने निकल पड़े। काउंसलिंग के दौरान बच्चे अपने परिजनों को मोबाइल नंबर नहीं बता पाए। सिर्फ सेक्टर 29 व 30 और माता-पिता के नाम पर ही आगामी जांच शुरू की गई।
चंडीगढ़ पुलिस से किया संपर्क
रेलवे चाइल्ड टीम सदस्य सुशीला और परविंदर लता ने बताया कि तीनों बच्चों के परिजनों की जानकारी हासिल करने के लिए उन्होंने लगभग 20 अलग-अलग लोगों से संपर्क किया। इस कड़ी में चंडीगढ़ के अलग-अलग थानों, चौकियों और सेक्टर में खुली पुलिस पोस्ट पर संपर्क किया गया। यहां से बच्चों के परिजनों की जानकारी हासिल हुई। चंडीगढ़ पुलिस की मदद से बच्चों के परिजनों को जानकारी पहुंचाई गई। रविवार शाम 1 बच्चे के परिजन छावनी पहुंचे। बच्चे को सीडब्ल्यूसी चेयरपर्सन वंदना शर्मा व सदस्य कनिका विग के समक्ष प्रस्तुत किया गया। दस्तावेज चैक करने के बाद एक बच्चे को पिता के सुपुर्द कर दिया। अन्य 2 बच्चों को शेल्टर होम छोड़ा गया।