अंबाला। ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर खाने-पीने के सामान के वेंडरों द्वारा निर्धारित से अधिक रेट लिए जा रहे हैं। बिना मेडिकल के वेंडर स्टाॅल पर काम कर रहे हैं। वहीं बिना मान्यता के पेय पदार्थ बेचे जा रहे हैं। कुछ स्टाॅल से जनता खाना भी नदारद है। यह खुलासा अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर वाणिज्य विभाग द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में हुआ है। इसमें एक स्टाॅल को सील करवा दिया गया। वहीं अन्य के संबंध में रिपोर्ट तैयार कर वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक को भेज दी गई है। वे जुर्माने सहित आगामी कार्रवाई को अंजाम देंगे।
उक्त कार्रवाई लगातार मिल रही शिकायतों पर अंबाला रेल मंडल के वाणिज्य विभाग ने रविवार को अंबाला कैंट स्टेशन पर की। प्लेटफार्म एक से लेकर सात पर सभी स्टाॅलों को खंगाला गया। टीम ने खान-पान की स्टाॅलों पर रखे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को जांचा। वहीं स्टाॅल से संबंधित दस्तावेज भी देखे। इस दौरान कुछ यात्रियों से भी पूछताछ की गई कि उन्हें रेल नीर की बोतल, चाय व कॉफी का कप और अन्य सामान किस रेट पर मिल रहा है। इस दौरान स्टाॅल पर तैनात वेंडरों को सख्त हिदायत दी गई कि रेलवे द्वारा निर्धारित रेट पर ही सामान बेचें। कार्रवाई के दौरान वाणिज्य निरीक्षक संजीव सूद, उप मुख्य टिकट निरीक्षक जगदीश चंद्र टीम सहित मौजूद रहे।
ये मिलीं खामियां
रेलवे स्टेशन पर स्थित नौ खान-पान की स्टाॅल पर खामियां मिली हैं। इसमें स्टाॅल नंबर 28 पर जनता खाना नहीं था, चाय के कप भी नकली थे। वहीं अमान्य कोल्ड डि्रंक्स बेची जा रही थी। इसी प्रकार स्टाल नंबर दो पर भी जनता खाना, वेंडर का मेडिकल प्रमाणपत्र व अन्य दस्तावेज नहीं थे। इस स्टाॅल को तुरंत प्रभाव से सील करवा दिया गया। अन्य स्टाॅलों पर जो कोल्ड डि्रंक्स बेची जा रही थी, उनकी मान्यता अवधि 17 जून को खत्म हो गई थी। वहीं कार पार्किंग में भी टीम को खामियां मिलीं। वाहन के लिए जो पर्ची दी जा रही थी, वो हाथ से बनाकर दी जा रही थी। पर्ची पर न तो ठेकेदार का नाम था, न नंबर और न ही रेट की जानकारी। वाहन के पार्किंग के अंदर आने व बाहर जाने का समय भी दर्ज नहीं था।
ओवर चार्जिंग की शिकायतों को लेकर वाणिज्य विभाग की टीम ने रेलवे स्टेशन और पार्किंग का औचक निरीक्षण किया था। कुछ स्टाॅल पर और पार्किंग में कुछ खामियां मिली हैं। इनके खिलाफ नियमानुसार जो कार्रवाई बनती है, की जाएगी।
-नवीन कुमार, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला रेल मंडल।