अंबाला सिटी। हरियाणा बोर्ड की दसवीं और बारहवीं की वार्षिक परीक्षा चल रही है। सोमवार को बारहवीं कक्षा की इतिहास की परीक्षा हुई। कई विद्यार्थियों का कहना था कि परीक्षा आसान रही, जबकि कई विद्यार्थियों को परीक्षा के प्रश्नों ने उलझाया। दोपहर साढ़े 12 से शाम साढ़े तीन बजे तक चली परीक्षा के लिए सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम किए थे। इस दौरान हड़प्पा सभ्यता से जुड़े प्रश्न भी पूछे गए।
छात्र आशू ने बताया कि अंग्रेजी की परीक्षा के मुकाबले इतिहास परीक्षा आसान रही। परीक्षा में कुल 80 अंक की परीक्षा में 36 प्रश्न पूछे गए। कई प्रश्न काफी आसान रहे तो कई प्रश्नों ने उलझाया भी। परीक्षा को समझकर करने में आसानी रही।
छात्र माधव ने बताया कि परीक्षा में दीर्घ उत्तरीय प्रश्न करने में थोड़ा समय लगा, क्योंकि इनके बारे में लिखना था, जबकि वैकल्पिक प्रश्नों को करने में आसानी हुई। उनकी स्कूल स्तर और घर पर परीक्षा की अच्छी तैयारी होने से काफी फायदा मिल रहा है। वह सिलेबस भी दोहरा चुके हैं।
छात्र अर्पित ने बताया कि परीक्षा में पुराणों की संख्या कितनी हैं, दांडी यात्रा कब शुरू की गई जैसे कई प्रश्न आए। परीक्षा में प्रश्न सिलेबस में से ही आए। सिलेबस के बाहर से कोई प्रश्न नहीं पूछा गया। इससे परीक्षा करने में आसानी हुई।
छात्र गुरदित सिंह ने बताया कि परीक्षा में पूछा गया कि महात्मा गांधी ने पहला आंदोलन कहां शुरू किया था। परीक्षा में वैकल्पिक प्रश्न होने से काफी आसानी रही। उन्होंने पहले पेपर को समझा और उसके बाद करना शुरू किया। वह सुबह जल्दी उठकर और देर रात तक पढ़ाई करते हैं ताकि सिलेबस को दोबारा दोहरा सकें।