अंबाला/नारायणगढ़। त्योहारी सीजन में पटाखों की कालाबाजारी को रोकने और आमजन को सुरक्षित रखने के लिए एसपी अंबाला की स्पेशल टीम ने रविवार को कई रिहायशी एरिया में दबिश देते हुए पटाखों के लिए छापामारी की। इस छापामारी के लिए एसपी अंबाला ने करीब 30 कर्मचारियों की स्पेशल टीम का गठन किया। इसमें अंबाला शहर और छावनी के विभिन्न थानों के कर्मचारियों को शामिल किया गया।
इस टीम ने सबसे पहले नारायणगढ़ के दुर्गा नगर में एक घर में छापामारा। यहां तीन मंजिला घर में कई कमरों में रैक बनाकर पटाखे सजाए गए थे। इनमें मुर्गा छाप ब्रांड के अलग-अलग किस्म के पटाखे जिनमें फुलझड़ियां, अनार, फिरकी, आलू बम, अनार बम, लड़ियां, कलर फुलझड़ियां, रैकेट, सुतली बम, रंगीन माचिस इत्यादि का भारी मात्रा में स्टॉक मिला। इसके बाद एसडीएम को सूचना दी गई। एसडीएम ने बीडीपीओ संजय टांक को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कर इन पटाखों को एक गोदाम में रखवाकर सील कर दिया। पुलिस ने मकान मालिक नवीन के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
6 हजार से ज्यादा छोटे-बड़े बाक्स मिले
पुलिस ने मौके से छह हजार से ज्यादा छोटे-बड़े बाक्स बरामद किए। बताया जा रहा है कि इन्हें बाद में कुल 1320 बाक्स में तब्दील कर दिया गया। इनका वजन करीब 350 किलो बताया जा रहा है। मौके पर पुलिस को केवल करीब दो लाख के ही बिल मिले लेकिन इस माल की कीमत बाजार में 15 लाख रुपये से ज्यादा की आंकी जा रही है।
जिस घर में निवास उसी में पटाखे
नारायणगढ़ की दुर्गा कालोनी के नवीन के जिस तीन मंजिला घर में पटाखे रखे गए थे उसी में परिवार के सदस्य भी रहते हैं। ऐसे में परिवार पूरी तरह से इन पटाखों से बेखौफ था। यह जानते हुए भी कि एक छोटी सी चिंगारी पूरे परिवार सहित आसपास के एरिया को दावानल में तब्दील कर सकती है। इस घर के अलावा दूसरी जगह बनाए गए गोदाम में भी भारी मात्रा में पटाखे रखे थे लेकिन इनका लाइसेंस नवीन के पास नहीं था।
पंजोखरा के मंडौर पाया गया सब कुछ कानूनी
पुलिस ने पंजोखरा थाने के तहत आने वाले गांव मंडौर में गोदामों पर छापामारी की। इस दौरान एक फर्म के 5 गोदाम चेक किए गए। फर्म के मालिक के पास करीब 20 हजार किलो माल पाया गया जबकि उसके पास लाइसेंस करीब 33 हजार किलो का था। इसी तरह एक अन्य गोदाम में भी चेकिंग की गई जोकि सही पाया गया।
हमने मकान मालिक नवीन के खिलाफ विस्फोटक एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की अगुवाई में गोदाम को सील कर दिया गया है। अभी माल की कीमत का आंकलन किया जा रहा है।
-गुरमेल सिंह, थाना प्रभारी नारायणगढ़।
मंडौर में रुटीन चेकिंग की गई थी। इसमें फर्म मालिकों के पास लाइसेंस मिला है और तय सीमा के भीतर ही पटाखे मिले।
-मोहन लाल, पंजोखरा थाना प्रभारी