अंबाला सिटी। धनतेरस पर बाजारों में कुबेर महाराज की कृपा बरसी। मुख्य बाजारों में ग्राहकों की भीड़ ने करोड़ों रुपये की धनवर्षा की। सराफा और बर्तन बाजार में पैर रखना भी मुश्किल था। ऑटोमोबाइल सेक्टर की बात करें तो यहां दोपहर तक स्टॉक खत्म हो गया।
सराफा, बर्तन बाजार, कपड़ा बाजार और ऑटो मोबाइल सेक्टर में बूम देखने को मिला। जिला में औसतन 1200 करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री हुई। पिछले वर्ष से तुलना से ये अधिक रही। इस बार सराफा बाजार की करीब 260 दुकानों पर 700 करोड़, अंबाला छावनी, सिटी और नारायणगढ़ के कपड़ा बाजार से करीब 450 करोड़ का व्यापार तो तीन करोड़ रुपये के बर्तन और करीब 120 करोड़ की छोटी बड़ी गाड़ियों और दोपहिया वाहनों की बिक्री की गई है।
ग्राहकों की भीड़ देख खिले चेहरे
बर्तन बाजार की बात करें तो शहर के सराफा बाजार, कोतवाली बाजार, पटेल रोड, मानव चौक और रेलवे रोड की दुकानों पर ग्राहक स्टील, पीतल, तांबे और नॉन स्टिक के बर्तन खरीदते नजर आए। धनतेरस से करीब 10 दिन पहले ही ग्राहकों की भीड़ बाजारों में उमड़ने लगी थी, लेकिन धनतेरस के पावन अवसर पर ज्यादातर लोगों ने बर्तनों की खरीदारी की है। सराफा कारोबार में भी भीड़ रही। ज्यादातर लोग चांदी के सिक्के, प्लेट, ग्लास, चम्मच, थाली, गणपति महाराज दरबार, श्रीराम दरबार, श्रीराधे-कृष्ण, मां शेरावाली, सरस्वती मां, भगवान शिव दरबार और ज्योत खरीदते नजर आए।
लोगों ने खरीदे चांदी के सिक्के : राजकुमार
शहर के सराफा बाजार में चांदी का कारोबार करने वाले राजकुमार ने बताया कि धनतेरस पर्व के चलते ग्राहकों ने भारी संख्या में पहुंचकर चांदी के सिक्के, धार्मिक मूर्तियां चांदी की ज्योत व हटड़ी आदि की खरीदारी की है, पिछले वर्षों की तुलना में इस बार कारोबार अच्छा रहा है।
बाहर के बर्तन आए पसंद : हिमांशु
शहर के बालभवन के साथ बने सीएल टावर के संचालक हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि धनतेरस की पावन अवसर पर ज्यादातर ग्राहकों ने चांदी से बने बर्तनों में डिनर सेट, लेमन सेट, पुडिंग सेट, चांदी से तैयार लेडीज पर्स, चांदी के सिक्के और गोल्ड गिन्नी की खरीदारी करने के लिए पहुंचे थे, जहां पर उनको अहमदाबाद, मुंबई और महाराष्ट्रा के अनुभवी कारीगरों से तैयार बर्तन पसंद आए।
आज 25 वाहन बिके : चंद्रशेखर
शहर जंडली में मॉडर्न ऑटोमोबाइल के जनरल मैनेजर चंद्रशेखर ने बताया कि सुबह से शाम तक 25 गाड़ियां बिकी हैं। उनकी करीब डेढ़ करोड़ की गाडियां बिकी है।
लगभग 201 वाहन बिके : करण
छावनी में ऑटो वर्ल्ड होंडा से सेल्स मैनेजर करण घई ने बताया कि धनतेरस पर उनकी 201 गाड़ियां बिकीं। इनमें से 150 गाड़ियों की प्री-बुकिंग थी। दोपहर बाद ही स्टॉक आउट हो गया था। कई लोग गाड़ियां न मिलने निराश होकर घर लौटे।
धनतेरस मे 40 वाहन बिके : दविंद्र
अंबाला छावनी रेलवे रोड मेट्रो मोटर से सीईओ दविंद्र सैनी ने बताया कि उनकी 40 गाडियां बिकी है। जिनकी कीमत करीब 4 करोड़ है। इस बार मार्केट में करीब 25 प्रतिशत की ग्रोथ रही।
110 मोटरसाइकिल बिकीं : ध्रुव
ध्रुव ऑटोमोबाइल से मैनेजिंग पार्टनर ध्रुव कपूर ने बताया कि सुबह से शाम तक 110 बाइक बिकी हैं। इनमें स्पलेंडर और डिल्कस की ज्यादा डिमांड थी। मार्केट में इस बार 40 से 45 प्रतिशत तक उछाल आया है। करीब 77 लाख का उनका कारोबार हुआ।