अंबाला शहर के नया गांव में लोगों ने पंजाब पुलिस के एक जवान को जमकर धुन डाला। लोगों का आरोप है कि यह कर्मी पिछले काफी समय से नशा खरीदने के लिए अंबाला आता है।
बुधवार देर रात भी यह इसी सिलसिले में आया और उसे दबोच लिया गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस के मौके पर समय पर न पहुंचने के चलते लोगों ने इसकी जमकर धुनाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बड़ी मुश्किल से जवान को लोगों के चंगुल से छुड़ाया और आगामी कार्रवाई शुरू की।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि पंजाब पुलिस का यह जवान पिछले कुछ समय से लगातार क्षेत्र में आ रहा है और नशे का सामान खरीदकर जाता है। बुधवार देर रात को भी पंजाब पुलिस का यह जवान इसी सिलसिले में आया और उसे दबोच लिया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
लोगों का आरोप है कि करीब एक घंटे तक तो पुलिस मौके पर पहुंची नहीं। लोगाें ने बार-बार पुलिस को फोन किया, लेकिन कोई नहीं आया। इसी के चलते लोगों का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने पंजाब पुलिस के इस जवान की पिटाई शुरू कर दी।
हालांकि इस जवान ने लोगों से बचने के लिए नाले में भी छलांग लगा दी, लेकिन लोगों ने इसे नहीं छोड़ा। मौके पर आई पुलिस ने देखा कि पुलिस की वर्दी में एक युवक को कुछ लोग पीट रहे हैं। उन्होंने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन लोग कुछ सुनने को तैयार नहीं थे। पुलिस ने किसी तरह से इस युवक को लोगों के चंगुल से छुड़ाया और सदर थाने लेकर आई। बताया जाता है कि यह युवक पटियाला सिविल लाइन थाने में तैनात है।
सड़क हादसे में एक की मौत
मुलाना। सड़क हादसे में बुधवार देर रात हुए एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार गांव थंबड़ का निवासी देर रात साइकिल से जा रहा था। जैसे ही वह बराड़ा से अधोया जाने वाले ओवरब्रिज पर पहुंचा, तो एक बाइक सवार से उसकी टक्कर हो गई। इसके बाद साइकिल सवार इस व्यक्ति का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्रक ने इस साइकिल सवार को कुचल दिया। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुुरू कर दी।