अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के नजदीक बीसीएन डिपो पर रोष प्रदर्शन करते रेल कर्मचारी। संवाद
अंबाला। नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन (एनआरएमयू), अंबाला मंडल के आह्वान पर दूसरे दिन भी रेल कर्मचारियों का प्रदर्शन जारी रहा। कर्मचारियों ने शाखा अधिकारी सीनियर डीएमई (कै.एवं वै.) के खिलाफ प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन कैंट रेलवे स्टेशन के नजदीक बीसीएन आरओएच डिपो में भोजन अवकाश के समय किया गया। कर्मचारियों ने अधिकारी के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया।
एनआरएमयू के मंडल अध्यक्ष हरनाम सिंह ने अधिकारी पर आरोप लगाए कि शाखा अधिकारी ने खानआलमपुरा यार्ड (सहारनपुर) डिपो में कार्यरत चार रेल कर्मचारियों का स्थानांतरण अनुचित ढंग से बठिंडा में कर दिया है। यूनियन इन तबादलों को अन्यायपूर्ण और तानाशाही रवैया बता रही है। अंबाला में जारी इस विरोध के समर्थन में कालका और बठिंडा में भी पहले दिन प्रदर्शन किया गया। शनिवार के प्रदर्शन में अंबाला की तीनों शाखाओं के कर्मचारी ने हिस्सा लिया।
प्रदर्शन का नेतृत्व मंडल अध्यक्ष हरनाम सिंह के अलावा केंद्रीय उपाध्यक्ष सुरेंद्र कुमार गुर्जर ने किया। इसके अलावा मंडल पदाधिकारी परमजीत सिंह व सुधीर कुमार त्यागी, शाखा मंत्री विनोद कुमार राय, पवन कुमार व विवेक कुमार सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। यूनियन ने कहा कि जब तक चारों कर्मचारियों का अनुचित स्थानांतरण रद्द नहीं होता, यह प्रदर्शन जारी रहेगा और अन्य स्टेशनों पर भी इसे फैलाया जाएगा।