संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन हरियाणा अंबाला जोन ने मंगलवार को फूड कोर्ट में नव वर्ष का उत्सव मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ की गई, जिसके बाद संगठन की गतिविधियों और भविष्य की रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक में सदस्यों ने बीएंडआर विभाग में एसीपी के लिए परीक्षा पास करने की शर्त और पंचायती राज विभाग के रेशनेलाइजेशन के तहत एसडीओ को बीडीओ के अधीन लगाने के निर्णय का कड़ा विरोध किया। एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि इन निर्णयों के विरुद्ध रणनीति तैयार की गई है।
- बाढ़ राहत कार्यों में रहा अहम योगदान
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि अंबाला में आई बाढ़ के दौरान राहत कार्यों में संगठन के सदस्यों का अभूतपूर्व योगदान रहा है। कार्यक्रम में सिंचाई, पब्लिक हेल्थ, नगर निगम, मार्केटिंग बोर्ड, एचएसीवीपी और मत्स्य विभाग सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रधान जतिंद्र सिंह ने आश्वासन दिया कि सरकार से पे-स्केल और अन्य लंबित मांगों को जल्द पूरा करवाया जाएगा। राज्य कार्यकारिणी प्रधान सुंदर, महासचिव गुलिया, अरविंद यादव, महेंद्र यादव, सलाहकार साहिल खेरा आदि मौजूद रहे।