अंबाला। लंबित संपत्ति कर वसूली के तहत वीरवार को नगर परिषद की टीम खोजकीपुर गांव पहुंची। यहां स्थित एक गोदाम के संचालक पर चार लाख से अधिक का संपत्ति कर बकाया था। इस संबंध में नगर परिषद द्वारा संचालक को तीन नोटिस भी दिए गए लेकिन उसने पैसे जमा नहीं करवाए। टीम के पहुंचते ही कुछ ही देर में संचालक मौके पर पहुंच गया और चार लाख 23 हजार 273 रुपये का चैक देकर नप टीम से पीछा छुड़वाया।
नगर परिषद के सचिव राजेश कुमार ने बताया कि अभी लाखों रुपये के लंबित कर धारकों पर कार्रवाई की जा रही है। इसके बाद अन्य पर भी शिकंजा कसा जाएगा। उन्होंने बताया कि संपत्ति धारकों से लगातार आग्रह किया जा रहा है कि वो नप कार्यालय जाकर अपना संपत्ति कर जमा करवा दें, अन्यथा उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पिछले पांच दिनों में कार्रवाई करते हुए लगभग 25 लाख का संपत्ति कर वसूला जा चुका है। इस प्रक्रिया के तहत पहले ही लाखों रुपये का लंबित कर रखने वाले धारकों को नोटिस भी दिए जा चुके हैं और अन्य को दिए जा रहे हैं।