अंबाला सिटी। शिक्षा विभाग की ओर से पीआरटी शिक्षकों को टीजीटी अंग्रेजी के पद पर पदोन्नत किया गया है। इन पदोन्नत शिक्षकों को नए स्टेशन देने के लिए 16 जनवरी तक विकल्प भरवाए गए। अब शिक्षकों को नए स्टेशन दिए जाएंगे। दूसरी तरफ पदोन्नत उन शिक्षकों के लिए समस्या खड़ी हो गई है, जिन अध्यापकों को कोई गंभीर बीमारी है और उनके पास 18 दिसंबर तक का गंभीर बीमारी से जुड़ा प्रमाणपत्र नहीं है, क्योंकि नए स्टेशन देने के लिए अंक निर्धारित किए गए हैं और उन अंक के आधार पर ही पास व दूर का स्टेशन मिलना है।
ऐसे में उन शिक्षकों के सामने समस्या खड़ी हो गई है, जो शिक्षक गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं, लेकिन उनके पास एक महीना से पहले का प्रमाणपत्र नहीं होने से उनको अंक नहीं मिल पाएंगे। इस वजह से उनको नए स्टेशन मिलने में भी दिक्कत होगी। विभाग की ओर से 18 दिसंबर तक बना प्रमाणपत्र ही मान्य किया गया है।
शिक्षक संघ की मांग, गंभीर बीमारी के अंक पॉलिसी के अनुसार दिए जाएं
राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ की खंड कार्यकारिणी की बैठक हुई। जिसका नेतृत्व खंड प्रधान तरविंद्र शर्मा एवं वरिष्ठ अध्यापक नेता मोहनलाल किया। खंड प्रधान तरविंद्र शर्मा ने कहा कि विभाग की ओर प्रदेश में अब भी कई अध्यापकों को गंभीर बीमारी के अंक नहीं दिए जा सके, क्योंकि विभाग के अनुसार उनके प्रमाणपत्र समय सीमा के बाद बने हैं, लेकिन संघ विभाग से अपील करता है कि गंभीर बीमारी के संदर्भ में कोई भी तय समय सीमा नहीं होनी चाहिए, क्योंकि किसी भी कारण से अगर कुछ प्रमाण-पत्र देरी से बने हैं, मगर यह सभी अध्यापक अभी भी उस बीमारी से जूझ रहे हैं।
अंक का लाभ दिया जाए : मोहनलाल
वरिष्ठ अध्यापक नेता मोहनलाल परोचा ने कहा कि अभी स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है और इन अध्यापकों को अंक का लाभ दिया जाना चाहिए ताकि अध्यापकों को विभाग की ओर से जारी स्थानांतरण प्रक्रिया का लाभ मिल सके। अध्यापक नेताओं ने शिक्षा मंत्री व निदेशक से दोबारा अपील की है कि जिन अध्यापकों को अभी तक गंभीर बीमारी के अंक नहीं मिले, कृपया उनके मामले पर दोबारा सहानुभूति विचार करते हुए उन्हें यह अंक घोषित पॉलिसी के अनुसार दिए जाएं ताकि इन अध्यापकों को भी इस पॉलिसी का वास्तव में लाभ प्राप्त हो सके। इस अवसर पर राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के उप प्रधान दुष्यंत गर्ग, हरविंद्र छाबड़ा, सुरेंद्र मोहन, संग्राम सिंह, गुलशन कुमार व अन्य मौजूद रहे।