अंबाला। कैंटोनमेंट बोर्ड के स्कूलों में पढ़ने वाले नन्हे क्रिकेटरों के लिए अच्छी खबर है। संसाधनों और सुविधाओं के अभाव में प्रतिभा को निखारने से वंचित रहने वाले विद्यार्थियों को अब स्कूल परिसर में ही क्रिकेट सीखने का मौका मिलेगा। स्कूलों में क्रिकेट के प्रति बढ़ते रुझान को देखते हुए कैंटोनमेंट बोर्ड ने क्रिकेट एकेडमी शुरू करने का फैसला लिया है। इस पहल से खासतौर पर मध्यम और सामान्य परिवारों के उन प्रतिभाशाली बच्चों को लाभ मिलेगा, जो निजी क्रिकेट एकेडमी की महंगी फीस के कारण प्रशिक्षण नहीं ले पाते थे।
पढ़ाई के साथ-साथ निखरेगा खेल कौशल
अक्सर बच्चों और अभिभावकों के सामने यह समस्या रहती है कि खेल के अभ्यास के कारण पढ़ाई का नुकसान न हो। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने अनूठी योजना तैयार की है। एकेडमी के तहत बच्चों को अलग से समय निकालने के बजाय स्कूल के नियमित खेल पीरियड में ही प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे बच्चों की नियमित कक्षाएं प्रभावित नहीं होंगी और वे अनुशासित माहौल में पढ़ाई व खेल के बीच बेहतर संतुलन बना सकेंगे।
विशेषज्ञ कोच सिखाएंगे क्रिकेट के दांव-पेंच
बच्चों को शुरुआती स्तर से ही पेशेवर खिलाड़ियों की तरह तैयार करने के लिए स्कूलों में अनुभवी और विशेषज्ञ क्रिकेट कोच तैनात किए जाएंगे। ये कोच बच्चों को बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण की बारीकियों के साथ-साथ शारीरिक फिटनेस और मानसिक एकाग्रता के गुर भी सिखाएंगे। सही तकनीक और मार्गदर्शन मिलने से ग्रामीण व छावनी क्षेत्र के बच्चों की झिझक दूर होगी और उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा।
जिला और राज्य स्तर पर चमकेगी प्रतिभा
स्कूली स्तर पर ही मजबूत बुनियाद तैयार होने से कैंटोनमेंट बोर्ड के स्कूलों की अपनी सशक्त टीमें बन सकेंगी। बोर्ड का लक्ष्य है कि यहां से प्रशिक्षित होकर निकलने वाले बच्चे न केवल अंतर-विद्यालयी प्रतियोगिताओं में बल्कि जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रतिभा का लोहा मनवाएं। इस फैसले से स्कूली बच्चों और खेल प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
स्कूलों में क्रिकेट के प्रति बच्चों का काफी रुझान देखने को मिल रहा है। इसलिए क्रिकेट एकेडमी के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है ताकि पढ़ाई के साथ बच्चे खेल में भी माहिर हो सकें।
राहुल आनंद शर्मा, सीईओ, कैंटोनमेंट बोर्ड, अंबाला।