अंबाला। नियमों को ताक पर रख निजी और रोडवेज चालक अपनी मनमर्जी चला रहे हैं। चालक बसों को हाईवे के किनारे रोककर सवारियों को बैठा रहे हैं। कई बार सवारी बैठाने के चक्कर में हाईवे पर जाम की स्थिति बन जाती है और हादसा होने का अंदेशा बना रहता है। महाराजा ढाबा के सामने तो कभी ओवरब्रिज के पास बसों की ब्रेक लगा देते हैं और सवारी बैठा देते हैं। हैरानी की बात ये है कि यहां पर होमगार्ड के जवान डयूटी पर तैनात रहते हैं इसके बाद भी यह चालक नहीं मानते और अपनी मनमर्जी चलाते हैं।
रेलवे स्टेशन गेट नंबर दो
छावनी बस अड्डे से चंडीगढ़, हिमाचल और पंजाब की ओर जाने वाली बसों के चालक जैसे ही बसों को ओवर ब्रिज से लेकर रेलवे स्टेशन गेट नंबर दो के पास पहुंचते हैं तो बस को रोककर सवारी बिठाते हैं। जबकि यहां पर दो से तीन होमगार्ड जवान डयूटी पर रहते हैं। इसके बाद भी चालक नहीं मानते हैं, जबकि यह हाईवे सबसे व्यस्त हाईवे है और इस पर हमेशा जाम लग जाता है। तीन दिन पहले रोहतक से चंडीगढ़ जा रही रोडवेज के बस चालक ने जबरदस्ती बस को हाईवे पर रोक दिया और सवारियां बैठाने लगे इस दौरान ड्यूटी पर मौजूद होमगार्ड के जवानों ने चालक को रोका लेकिन चालक ने जबरदस्ती सवारियों को बैठाया और बस लेकर चला गया।
महाराजा ढाबा के पास लग रहा जाम
अंबाला छावनी से दिल्ली की ओर जाने वाली रोडवेज, निजी बसें जब छावनी बस अड्डे से निकलती हैं तो इन बसों के चालक महाराजा ढाबा के सामने बसों को रोकते हैं और सवारियों को बिठाते हैं। कई बार एक साथ तीन से चार बसें खड़ी हो जाती है जिससे पीछे से आने वाले वाहनों के चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
बसों के नहीं हो रहे चालान
पहले यहां यातायात पुलिस ने कर्मचारियों को तैनात किया था, जो बसों का चालान करते थे। इस डर के कारण बसें बस स्टैंड से निकल कर कहीं नहीं रुकती थीं। अब पिछले कई दिनों से पुलिस चालान नहीं हो रहे, जिससे दोबारा से राजमार्गों पर जाम की स्थिति बन रही है।
जो भी चालक बसों को हाईवे पर रोककर सवारियों को बैठाएंगे उन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- जोगिंदर सिंह, ट्रैफिक एसएचओ, अंबाला।