शहर बलदेव नगर पीएम श्री राजकीय स्कूल मे अध्यापकों को प्रशिक्षण देतेहुए एबीआरसी। फाइल फोटो
अंबाला सिटी। निपुण हरियाणा मिशन के तहत जिले के प्राथमिक शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 15 जनवरी तक चलेगा। नारायणगढ़ खंड में 12 से 15 जनवरी तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें दो-दो बैच लगाकर 140 से शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण का उद्देश्य प्राथमिक स्तर पर बच्चों की बुनियादी साक्षरता व संख्यात्मक क्षमता (एफएलएन) को सुदृढ़ करना है। कार्यक्रम के अंतर्गत शिक्षकों को नवीन शिक्षण पद्धतियों, रोचक और गतिविधि-आधारित शिक्षण, बाल-केंद्रित शिक्षण तकनीकों व कक्षा में प्रभावी अधिगम वातावरण विकसित करने के विषय में प्रशिक्षित करना है।
पहली से तीसरी कक्षा को बनाया जा रहा निपुण
निपुण लक्ष्यों के अनुसार छात्र प्रगति ट्रैकिंग और शैक्षणिक सहयोग, रेमेडियल कार्य योजना की पृष्ठभूमि, दक्षता आधारित शिक्षण कार्य की रूपरेखा और रणनीतियां, रेमेडियल शिक्षण रणनीतियों और गतिविधियों के हैंड्स ऑन अनुभव आदि विषयों पर संबंधित गतिविधियां करवाई जाएंगी। यह गतिविधि जिला एफएलएन समन्वयक विजेंद्र रेढ़ू के नेतृत्व में होगी। जिसमें एबीआरसी व अन्य वक्ता प्रशिक्षण देंगे। राजकीय प्राथमिक स्कूलों में पहली से तीसरी कक्षा को निपुण बनाने के लिए कार्य चल रहा है। मार्च 2026 तक इन कक्षाओं के बच्चों को निपुण बनाया जाना है। बच्चों को हिंदी व गणित विषय के बारे में खेल-खेल में सिखाया जा रहा है।
इन दो स्कूलों में चलेंगे बैच
जिला एफएलएन समन्वयक विजेंद्र रेढ़ू ने बताया कि नारायणगढ़ खंड के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल लाहा में 12 से 15 जनवरी तक दो दिवसीय दो-दो बैच चलाए जाएंगे। अंबाला खंड वन में 12 व 13 जनवरी को पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल बलदेव नगर में दो दिवसीय एक बैच चलाया जाएगा। बीते माह राजकीय प्राथमिक स्कूल में हिंदी व गणित विषय में ऑनलाइन मूल्यांकन किया गया था। मूल्यांकन के आधार पर आगे विद्यार्थियों की पढ़ाई में सुधार किया जाएगा।
शहर बलदेव नगर पीएम श्री राजकीय स्कूल मे अध्यापकों को प्रशिक्षण देतेहुए एबीआरसी। फाइल फोटो