अंबाला सिटी। उपायुक्त कार्यालय के सभागार में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें नगराधीश अभिषेक गर्ग ने समस्याओं को सुना। शिविर में पीपीपी और रास्ते के विवाद का मामला सामने आया। शिविर में बब्याल से पहुंचीं शेरो देवी ने पारिवारिक झगड़े की व्यथा सुनाई, वहीं नन्यौला के किरण पाल ने परिवार पहचान पत्र में आय ठीक करवाने की गुहार लगाई।
इसी तरह गांव लंडा के निवासी जसदेव सिंह ने रास्ते के विवाद को लेकर प्रार्थना पत्र सौंपा। इनके अलावा अन्य कई ग्रामीणों ने बिजली, पानी और राजस्व विभाग से संबंधित शिकायतें रखीं।
समाधान शिविर में राशन कार्ड कटने की आई ज्यादा समस्याएं : नारायणगढ़। उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर लगाया गया, जिसमें एसडीएम शिवजीत भारती ने आमजन की समस्याएं सुनीं। शिविर में गांव बड़ागांव की महिला रामकली ने गुलाबी राशन कार्ड कटने, लखनोरा के राजकुमार ने बीपीएल कार्ड कटने की शिकायत रखी। खेड़की जट्टां गांव की कुसुम लता ने बताया कि उनकी विधवा पेंशन अभी तक शुरू नहीं हुई है। ब्राह्मण माजरा के महेंद्रपाल ने परिवार पहचान पत्र में आय अधिक दर्शाए जाने के कारण बीपीएल कार्ड कटने की समस्या रखी।
फिरोजपुर के रघुवीर ने वृद्धावस्था पेंशन पिछले कुछ महीनों से न मिलने की शिकायत की। बनौदी के रूपेंद्र सिंह ने परिवार पहचान पत्र में दर्ज त्रुटि को ठीक करवाने से संबंधित समस्या रखी। दूधली गांव के मांगेराम और अंगूरी देवी ने भी वृद्धावस्था पेंशन न मिलने की समस्या समाधान शिविर में रखी। संवाद