नारायणगढ़ में एसडीएम शिवजीत भारती के समक्ष अपनी समस्या रखते हुए ग्रामीण: पीआरओ
- फोटो : Archive
नारायणगढ़। उपमंडल स्तर पर आयोजित समाधान शिविर में सोमवार को काफी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। एसडीएम शिवजीत भारती ने लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद अधिकारियों को सख्त लहजे में निर्देश दिए कि जनता के काम में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिविर के दौरान अधिकांश शिकायतें परिवार पहचान पत्र यानी पीपीपी में आय सुधार और कटे हुए राशन कार्डों को लेकर रहीं। ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने अपनी व्यथा रखते हुए बताया कि आय अधिक दिखाए जाने के कारण उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
यह आई शिकायतें
हुसैनी गांव निवासी बाला देवी व बड़ा गांव निवासी प्रकाशो देवी, पंजलासा गांव निवासी रूपा देवी ने परिवार पहचान पत्र में आय कम करवाने की मांग रखी। इसके अलावा छोटी कोहड़ी गांव के छत्रपाल ने परेशान करने व कमरे पर कब्जा करने की मांग रखी। जबकि डेरा गांव के दिलेराम, खेड़की गांव के सुखविंदर और शाहपुर गांव की सुनीता देवी ने बीपीएल राशन कार्ड कटने से संबंधित समस्या रखी और बीपीएल राशन कार्ड बनवाने का अनुरोध किया। एसडीएम शिवजीत भारती ने स्पष्ट कहा कि समस्या के समाधान के बाद एटीआर निर्धारित फार्मेट में ही भरी जाए ताकि पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।