अंबाला सिटी। नहर में पानी का जलस्तर कम होने पर शहर में जल संकट बढ़ने लगा है। जनस्वास्थ्य विभाग के टैंक में दो दिन का पानी बचा है। सबसे ज्यादा उन क्षेत्र में दिक्कत आ रही है, जो क्षेत्र शहर से दूर हैं और ऊंचे हैं।
उन क्षेत्र में पानी की पहुंच कम होने से जनस्वास्थ्य विभाग की परेशानी भी बढ़ गई है। इसके साथ ही ईस्माइलपुर हेड पर विभाग की दो मोटर चलती थी, लेकिन कुछ दिन से जल स्तर कम होने से एक ही मोटर चल रही थी। सोमवार को जनस्वास्थ्य विभाग ने दूसरी मोटर चलानी थी। विभाग की टीम भी ईस्माइलपुर हेड पर पहुंची थी, मगर यहां बिजली न होने से एक भी मोटर सुबह से शाम तक नहीं चल सकी। किसी ने यहां से बिजली तार काट ली।
सूखने लगे टैंक, एक में दिख रहा धरातल
शहर में पानी एकत्रित करने के लिए बनाए टैंक भी सूखने लगे हैं। मौसम खराब होने की वजह से ईस्माइलपुर हेड पर बिजली की दिक्कत भी आ रही है। रविवार रात को भी मौसम खराब रहा और सोमवार को भी बिजली नहीं आने से ईस्माइलपुर से शहर में पानी नहीं आ सका। इस वजह से पीने के पानी के साथ टैंक में भी पानी एकत्रित नहीं हो पा रहा। शहर में पानी की किल्लत बढ़ने के साथ ही एक टैंक में पानी सूखने लगा है, जबकि दो टैंक में अभी पानी है, मगर वह भी कम है।
तीन में से एक मोटर अतिरिक्त
दरअसल, ईस्माइलपुर हेड पर जनस्वास्थ्य विभाग की तीन मोटर लगी हैं। इन तीन मोटर में से दो मोटर चलती हैं, जबकि एक मोटर को अतिरिक्त रखा जाता है। यह मोटर शहर में पानी लाने के साथ ही टैंक में भी पानी एकत्रित करती हैं। अभी इनमें से एक मोटर ही चल रही थी। सोमवार को जनस्वास्थ्य विभाग ने दूसरी मोटर चलानी थी, मगर बिजली दिक्कत होने से एक भी वह मोटर भी नहीं चल पाई। एक पंप एक मिनट में 17 हजार लीटर पानी लिफ्ट करता है। पूरे दिन में 56 एमएलडी पानी शहर में आता है।
वर्जन
ईस्माइलपुर हेड पर कुछ दिन से एक ही मोटर चल रही थी। सोमवार को दूसरी मोटर चलाने के लिए कर्मचारी लगाए। बिजली नहीं होने के कारण मोटर चलने में दिक्कत आती है। इससे शहर में पानी की सप्लाई प्रभावित होती है।
कर्णबीर सिंह, कार्यकारी अभियंता, जनस्वास्थ्य विभाग।
वर्जन
जलस्तर घटने से दिक्कत आ रही है। बिजली दिक्कत होने के कारण सोमवार शाम तक ईस्माइलपुर हेड पर पानी का पंप नहीं चल पाया। समस्या के समाधान के प्रयास किए जा रहे हैं।
जतिद्र सिंह, एसडीई, जनस्वास्थ्य विभाग।
वर्जन
शहर में शालीमार, कमल विहार, हीरा नगर, वाल्मीकि बस्ती समेत कई कॉलोनी में पानी की दिक्कत आ रही है। इस संबंध में जनस्वास्थ्य विभाग अधिकारियों को अवगत करवाया गया है। उन्होंने सात मई तक समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।
सैलजा सचदेवा, मेयर, नगर निगम।