जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए पहुंचे मृतक मां-बेटे के परिजन। सोशल मीडिया
अंबाला सिटी। फ्रैंडस कॉलोनी में आग लगने वाले घर के आसपास शुक्रवार को भी माहौल गमगीन रहा। सुबह से ही पड़ोस, शहर के लोग और रिश्तेदार परिवार के सदस्यों को सांत्वना देने के लिए पहुंचे।
अस्पताल में भी काफी लोग एकत्रित रहे। वहीं, इस घटना में मरने वाले मां-बेटे का जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया गया। वहीं, पोस्टमार्टम के दौरान पाया गया कि डेढ़ वर्षीय बच्चा आग की चपेट में आ गया था। बच्चे के दोनों हाथ, पैर और छाती पर जलने के निशान थे। इसके साथ ही चेहरा भी बुरी तरह से जल गया था और महिला भी आग से झुलस गई थी। महिला के फेफड़ों में धुआं जाने से उसकी जान गई। वहीं, पुलिस के अनुसार गैस लीक होने के कारण आग लगी और आग डीजल के कारण फैल गई। आग ज्यादा होने के कारण नीचे आने का रास्ता भी नहीं बचा। दूसरी तरफ चंडीगढ़-32 अस्पताल में भेजी गई बच्ची अनु का इलाज वहां चल रहा है। वह उपचाराधीन है। बीते गुरुवार को फ्रैंडस कॉलोनी में घर में आग लगने से मां-बेटे की मौत हो गई थी। संवाद