अंबाला सिटी। जिले के कॉलेजों में वीरवार को दाखिले के लिए दोबारा पोर्टल खोला गया। इसके बाद मेरिट के अनुसार कॉलेजों में दाखिले शुरू हो गए हैं। कॉलेजों में अभी तक दो मेधा सूची जारी हुई है। इनके जारी होने के बाद भी कॉलेजों में 50 प्रतिशत से ज्यादा सीटें खाली पड़ी हैं। इन सीटों को भरने के लिए अब कॉलेजों में रोजाना पोर्टल पर आवेदक आवेदन करेंगे। इसके बाद मेरिट बनाकर उसी दिन दाखिला किया जाएगा। इसके साथ ही ऑनलाइन आवेदक पोर्टल पर अपना कोर्स भी बदल सकेंगे। यह विकल्प भी पोर्टल पर दिया गया है। जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक दाखिले के लिए आवेदन नहीं किया है वह भी अब आवेदन कर सकेंगे।
कॉलेजों में इस बार दाखिले को लेकर दिलचस्पी कम दिखाई दे रही है। खासकर परंपरागत कोर्स में ज्यादा सीटें खाली पड़ी है। आवेदक राजकीय महाविद्यालय अंबाला छावनी, जीएमएन कॉलेज, एसडी कॉलेज, डीएवी कॉलेज शहर, राजकीय कॉलेज नारायणगढ़ सहित अन्य कॉलेजों में प्रोफेशनल कोर्स में दाखिले को लेकर दिलचस्पी दिखा रहे हैं। इसके अलावा बाकी कॉलेजों में भी दाखिले धीरे-धीरे बढ़ रहे हैं, लेकिन पिछले वर्षों के मुकाबले दाखिलों की संख्या में कमी आई है।
पॉलीटेक्निक में 15 जुलाई तक भर सकेंगे कोर्स विकल्प
राजकीय बहुतकनीकी संस्थान और कल्पना चावला राजकीय महिला बहुतकनीकी संस्थान में अभ्यर्थी 15 जुलाई तक सीट विकल्प भर सकेंगे। सीट विकल्प भरने के बाद मेरिट अनुसार अभ्यार्थियों को कोर्स मिलेगा। इसके बाद वह अपनी फीस भर सकेंगे। गुरुवार को बारिश होने के बाद भी पॉलीटेक्निक में दाखिले के लिए अभ्यर्थियों की भीड़ जमा रही। सुबह से शाम 5 बजे तक दोनों संस्थानों में अभ्यर्थी सीट का विकल्प भरने के लिए पहुंचे। दोनों पॉलीटेक्निक में सीट विकल्प भरने के लिए कंप्यूटर लगाए गए हैं।
-
राजकीय आईटीआई में आज लगेगी दूसरी मेधा सूची
जिले की सभी राजकीय आईटीआई में पहली मेधा सूची के बाद शुक्रवार को दूसरी मेधा सूची जारी होगी। इस सूची में बची हुई सीट पर अभ्यर्थियों को दाखिला दिया जाएगा। मेरिट में आने वाले अभ्यर्थी संस्थान में आकर फीस जमा करवाएंगे। शहर के राजकीय आईटीआई में 1188 सीट के मुकाबले 619 सीट पहली सूची में अलॉट हुई थी। इसके बाद अब दूसरी मेरिट सूची जारी होगी।
दाखिले को लेकर पोर्टल दोबारा खोला गया है। जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है वह भी आवेदन कर सकेंगे। रोजाना पोर्टल पर आवेदन आने पर मेरिट जारी की जाएगी।-सुप्रिया चोपड़ा, प्रोफेसर, राजकीय महिला महाविद्यालय