अंबाला सिटी। जिले के कॉलेजों, राजकीय आईटीआई और राजकीय पॉलीटेक्निक में दाखिला प्रक्रिया चल रही है। जहां राजकीय पॉलीटेक्निक में आवेदन की तारीख को दूसरी बार बढ़ा दिया है।
अब आवेदक आठ जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसी तरह राजकीय आईटीआई में पहली काउंसिलिंग के तहत दाखिले चल रहे हैं। लगभग एक तिहाई से ज्यादा सीट आईटीआई में भर चुकी हैं। वहीं, काॅलेजों में पांच जुलाई को पहली मेरिट सूची जारी होगी। इसके बाद आवेदक कॉलेजों में दाखिला ले सकेंगे। जुलाई माह में सभी शिक्षण संस्थानों में सीट भरने की संभावना है।
जानिए किस कॉलेजों में अभी क्या चल रही प्रक्रिया...
कॉलेजों में पांच को लगेगी पहली मेरिट
राजकीय महिला महाविद्यालय शहर की दाखिला प्रभारी प्रो. निशा बुराक ने बताया कि दो जुलाई को काॅलेजों में दस्तावेज सत्यापित किए जाएंगे। कॉलेजों में पहली मेरिट सूची पांच जुलाई को जारी की जाएगी। पहली मेरिट में आने वाले आवेदक पांच से नौ जुलाई तक फीस जमा करा सकेंगे। दूसरी मेरिट सूची 11 जुलाई को जारी होगी।
दूसरी बार बढ़ी आवेदन की तारीख
शहर के राजकीय पॉलीटेक्नीक व कल्पना चावला राजकीय महिला पॉलीटेक्नीक में ऑनलाइन आवेदन की तारीख दूसरी बार बढ़ गई है। संस्थान के दाखिला ब्रांच इंचार्ज धर्मवीर सैनी ने बताया कि तीन वर्षीय डिप्लोमा इंजीनियरिंग कोर्स में आवेदक आठ जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद 12 से 15 जुलाई तक पहली काउंसलिंग के तहत दाखिला प्रक्रिया चलेगी। डिप्लोमा इंजीनियरिंग लेटरल एंट्री की दूसरी काउंसिलिंग तीन से सात जुलाई तक चलेगी।
मूलचंद आईटीआई में 106 सीट भर चुकी
छावनी के मूलचंद राजकीय आईटीआई में पहली काउंसलिंग के तहत आवेदक दो जुलाई तक ऑनलाइन दस्तावेज सत्यापन के बाद दाखिला ले सकता है। संस्थान के ईएस अनुदेशक पवन कुमार ने बताया कि पहली काउंसलिंग में सीट अलॉट होने वाले आवेदक तीन जुलाई तक फीस जमा करवा सकते हैं। अगर फीस जमा नहीं करवाते तो सीट रद्द हो जाएगी। संस्थान में पहली काउंसलिंग में 154 सीट अलॉट हुई थी। इसमें से सोमवार शाम तक 106 सीट भर चुकी थी।
आईटीआई में भर चुकी 256 सीटें
राजकीय आईटीआई शहर में कुल 1228 सीट हैं। पहली काउंसिलिंग में 671 सीट अलॉट थी। एक जुलाई शाम पांच बजे तक आईटीआई में 256 सीट पर दाखिला हो चुका था। संस्थान में एडवांस सीएनसी में छह, आर्किटेक्चर ड्राफ्समैन में आठ, सीएचएनएम में आठ, कोपा एनसीवीटी में 17, कोपा एससीवीटी में दो, डीएमएम में नौ, इलेक्ट्रिशियन में 16, इलेक्ट्रॉनिक मेकेनिक में 10, फीटर में 12, फाउंडरीमैन में पांच, इंस्ट्रूमेंट मेकेनिक में सात, आईसीटीएसएम में एक, एचएसआई में छह, लिथो में सात, मशीनिष्ठ में नौ, एमएमवी ड्यूल में सात, एमएमवी में पांच, एमसीईए में आठ, मेकेनिक डीजल ड्यूल में पांच, मेकेनिक डीजल में छह, पेंटर ड्यूल में एक, पीपीओ में सात, प्लंबर में पांच, आरएसी में 12, स्टेनो अंग्रेजी में 20, स्टेनो हिंदी में 15, टूल और डाई में नौ, वेल्डर में 12, वायरमैन में सात, वुड वर्क में एक, रेडियोलॉजी में पांच, सॉल टेस्टिंग में एक, सोलर टेक्नीशियन में तीन और टर्नर में चार दाखिले हो चुके हैं।