सेक्टर 8 में करीब 6 साल से चल रहा इनेलो कार्यालय अब सदा के लिए जजपा की चाबी से खुलेगा। क्योंकि एसडीएम कोर्ट में इस कार्यालय को लेकर चल रहे मामले की सुनवाई में जजपा को जीत मिली जबकि इनेलो के जिलाध्यक्ष इस कार्यालय पर अपना अधिपत्य साबित नहीं कर पाए। इस तरह कई महीने से कार्यालय पर कब्जे को लेकर चल रहा विवाद समाप्त हो गया। जजपा कार्यकर्ताओ के पक्ष में फैसला आने के बाद आज जजपा कार्यकर्ता उक्त भवन में पहुंचे और साफ सफाई करवाई। वहीं इनेलो के हाथ से कार्यालय चले जाने के बाद उसे नए सिरे से अपनी जमीन तलाशनी होगी। इससे पहले जजपा की ओर से एडवोकेट लाभ सिंह, जगतार सिंह एसडीएम कोर्ट में पेश हुए। उन्होंने अदालत को बताया कि इस भवन की रजिस्ट्री जगबीर सिंह के नाम पर है। इसलिए इस भवन पर इनेलो का नहीं जजपा का अधिकार है। कोर्ट में जगतार सिंह ने इससे जुड़े दस्तावेज भी पेश किए। इन सभी तथ्यों को देखते हुए अदालत ने मामले में जगबीर सिंह के पक्ष में फैसला सुनाया।
-----------------------------
7 फरवरी को कार्यालय पर कब्जे को लेकर हुआ था विवाद
इनेलो से अलग होने के बाद इनेलो-जजपा कार्यकर्ताओं ने कार्यालयों को लेकर विवाद छेड़ दिया था। अंबाला में 7 फरवरी को यह विवाद उभरकर सामने आया और इनेलो व जजपा कार्यकर्ता आमने सामने हुए थे। इतना ही नहीं दोनों गुटों में कहासुनी के साथ कार्यालय में तोड़फोड़ भी की गई थी। दुष्यंत चौटाला द्वारा जजपा के गठन के बाद इस संपत्ति पर जजपा ने अपना अधिकार जताया था। तब यह मामला अंबाला पुलिस तक भी पहुंचा। जिसके बाद डीएसपी ने दोनो पक्षों को बुलाकर उनसे बातचीत भी कि थी। लेकिन बातचीत बेनतीजा होने के कारण ताऊ देवी लाल भवन पर ताला लगा दिया गया था। कोर्ट से जीत मिलते ही सेक्टर 8 स्थित इनेलो के पूर्व भवन पर लगा इनेलो का झंडा उतार दिया गया और इसकी जगह जजपा के बैनर लगा दिए गए। इस बैनर पर ताऊ देवी लाल के साथ उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की तस्वीर भी लगाई गई है।