संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। सड़क दुर्घटना में पुलिस उप निरीक्षक बलविंदर सिंह की मौत हो गई। हादसा मंगलवार सुबह शहजादपुर के नजदीक हुआ। ट्रक और कार की टक्कर के बाद उपनिरीक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अंबाला शहर के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
नागरिक अस्पताल में मौजूद मृतक की पत्नी मनिंदर कौर ने बताया कि वो जग्गी कॉलोनी में रहते हैं, उसके पति रायपुर रानी थाने में उप निरीक्षक के तौर पर तैनात थे। वह सुबह के समय कार में सवार होकर ड्यूटी पर निकले थे, लेकिन कुछ देर बाद हादसे की खबर आई और जब अस्पताल पहुंचे तो जानकारी मिली कि उनकी मौत हो चुकी है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।