अंबाला सिटी। पुलिस ने रविवार सुबह 5 से 7 बजे तक एक बार फिर सिटी की डेहा कॉलोनी में सर्च अभियान चलाकर यहां से 35 दोपहिया वाहन जब्त किए हैं। पुलिस को शक है कि ये वाहन चोरी के हैं। इसलिए अब इनके दस्तावेजों की जांच चल रही है। हालांकि जब्त किए गए वाहनों के मामले में पुलिस ने अभी किसी को गिरफ्तार नहीं किया है। जांच के दौरान पुलिस ने कॉलोनी से देसी शराब की 12 बोतलें और 100 पव्वे भी जब्त किए हैं। शराब तस्करी के आरोप में पुलिस ने गोलू को काबू किया है। इससे पहले पुलिस कैंट की डेहा कॉलोनी से 57 दोपहिया वाहन जब्त कर चुकी है। उधर पुलिस ने दो दर्जन संदिग्धों के भी केवाईसी फार्म भी भरे हैं। अब इनकी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
जब्त वाहनों पर नहीं मिली नंबर प्लेट
एसपी अभिषेक जोरवाल के आदेश पर रविवार सुबह पांच बजे पुलिस ने डेहा कॉलोनी में अचानक सर्च अभियान चलाया था। भारी पुलिस को देखकर कॉलोनी के लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने सबसे पहले कॉलोनी से बिना नंबर के 35 वाहन जब्त किए। इनमें मोटरसाइकिलों के अलावा कई एक्टिवा भी हैं। अब इन वाहनों की वेरीफिकेशन हो चल रही है। नंबर के आधार पर वाहन मालिक की पहचान होगी। अगर वाहन चोरी के निकले तो फिर उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी जिनके कब्जे से ये बरामद किए गए हैं। करीब दो घंटे तक पुलिस के जवानों ने कॉलोनी के हर घर की जांच की। जांच के दौरान पुलिस ने गैरकानूनी तरीके से घर में रखी देसी शराब भी मिली। पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में गोलू को हिरासत में ले लिया है। उससे भी मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है।
25 संदिग्ध भी राडार में आए
सर्च अभियान के दौरान पुलिस ने 25 संदिग्धों के भी केवाईसी फार्म भरे हैं। इनमें उसकी व पूरे परिवार की डिटेल भरी गई है। अब पुलिस इन संदिग्धों की हर गतिविधि पर नजर रखेगी। कोतवाली थाना प्रभारी अजायब सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में निरीक्षक सीआईए-1, सिटी थाना, सदर थाना, बलदेव नगर थाना व सिटी के चौकी प्रभारी एक रिजर्व पुलिस लाइन अंबाला की संयुक्त टीमों में करीब 60 जवानों ने अभियान में हिस्सा लिया था। एसपी अभिषेक जोरवाल ने कहा कि इस सर्च अभियान का मुख्य उद्देश्य संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों को चेक करना है ताकि अपराध पर अंकुश लगाया जा सके।
कैंट की डेहा बस्ती से जब्त किए थे 57 वाहन
कुछ रोज पहले पुलिस ने कैंट की डेहा कॉलोनी में भी सर्च अभियान चलाया था। तब यहां से 57 दोपहिया वाहन जब्त किए थे। इनमें 20 से ज्यादा वाहनों की पहचान हो पाई थी। दूसरे वाहनों के मालिकों अभी तक पता नहीं चल पाया है। माना जा रहा है कि ये वाहन चोरी के हैं। जल्द इनकी चोरी को लेकर पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर सकती है।
कार्रवाई के दौरान मौजूद रहा भारी पुलिस बल
करीब चार महीने पहले भी पुलिस ने डेहा कॉलोनी में ऐसे ही छापामारी की थी। तब कॉलोनी के लोगों ने कार्रवाई पर विरोध जताया था। रोषित लोगों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया था। तब पुलिस ने बड़ी मुश्किल से स्थिति पर काबू पाया था। विरोध की आशंकाओं के चलते ही इस बार कॉलोनी में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए थे। जवानों को हर स्थिति से निपटने के आदेश दिए गए थे।
क्राइम पर अंकुश लगाने के लिए डेहा कॉलोनी में सर्च अभियान चलाया गया है। कॉलोनी से काफी संख्या में बिना नंबर के वाहन जब्त किए गए हैं। इनके दस्तावेजों की जांच की जा रही है। कॉलोनी में शराब तस्करी का भी कारोबार चल रहा था। एक शख्स को काबू किया गया है। - अभिषेक जोरवाल, एसपी, अंबाला