बराड़ा थाने में पुलिस अधिकारी स्थानीय लोगों से बात करते हुए। संवाद
बराड़ा। बराड़ा पुलिस की ओर से रविवार को एक जागरूकता बैठक की। इसमें थाना प्रभारी प्रमोद कुमार और चौकी इंचार्ज विश्व बंधु ने स्थानीय नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बराड़ा के लोगों से संवाद किया।
इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को ऑनलाइन फ्रॉड के बारे में सतर्क करना और भारत-पाक सीमा पर वर्तमान में बने तनावपूर्ण हालातों के प्रति सजग करना रहा। बैठक के दौरान थाना प्रभारी प्रमोद सिंह ने कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। नागरिकों को किसी भी अज्ञात नंबर से आई कॉल या मैसेज के माध्यम से बैंक संबंधित जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।
उन्होंने समझाया कि साइबर अपराधी खुद को बैंक अधिकारी या सरकारी कर्मचारी बताकर आम लोगों से ओटीपी, बैंक डिटेल्स, पैन कार्ड व आधार नंबर आदि की जानकारी मांगते हैं और उनके खातों से पैसे उड़ा लेते हैं। पुलिस अधिकारी ने लोगों से आग्रह किया कि वे सतर्क रहें और ऐसे किसी भी प्रयास की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
इस दौरान चौकी इंचार्ज विश्व बंधु ने भारत-पाक सीमा पर चल रहे तनाव की स्थिति के संबंध में चर्चा करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा सर्वोपरि है और ऐसे समय में हर नागरिक की जिम्मेदारी बनती है कि वह समाज में शांति और सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें।