- सीडीआर और डाटा खंगाल रही साइबर टीम, कैंट थाने में दर्ज की गई थी प्राथमिकी
फॉलोअप
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज के नाम का इस्तेमाल कर लोगों से ठगी का प्रयास करने के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हालांकि पुलिस दूसरे दिन भी आरोपी को नहीं पकड़ पाई। सोमवार देर रात मंत्री के निजी सहायक भिकांत वत्स की शिकायत पर कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
निजी सहायक की ओर से दी गई शिकायत में बताया गया है कि साइबर ठग जिस मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर रहे थे, उस पर अनिल विज का नाम प्रदर्शित हो रहा था। आरोपी लोगों से हवाई जहाज की टिकट बुक कराने और विभिन्न कागजात तैयार कराने के नाम पर पैसे की मांग कर रहे थे। मंत्री के नाम का इस्तेमाल होने के कारण पुलिस प्रशासन इस मामले को गंभीरता से ले रहा है।
कैंट थाना पुलिस और साइबर सेल की टीमें आरोपी की तलाश में जुट गई हैं। जिस मोबाइल नंबर से कॉल की जा रही थी, उसका कॉल डिटेल रिकॉर्ड और डाटा खंगाला जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि संबंधित सिम कार्ड किसके नाम और पते पर जारी हुआ था। पुलिस का दावा है कि जल्द फर्जी सिम धारक और गिरोह की लोकेशन ट्रैक कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। आरोपियों ने कॉलर आईडी (ट्रू-कॉलर) पर मंत्री का नाम सेट कर लोगों को फ्लाइट टिकट बुकिंग और सरकारी दस्तावेजों के नाम पर बैंक खातों में पैसे भेजने का झांसा दिया।
कॉल डिटेल रिकॉर्ड और सर्विलांस के जरिए आरोपी का सुराग लगाया जा रहा है।
- धर्मबीर सिंह, कैंट थाना प्रभारी, अंबाला