अंबाला सिटी। हरियाणा जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा यातायात प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में पुलिस डीएवी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों स्तरों (लेवल-1, 2 व 3) में प्रथम पुरस्कार पर कब्जा जमाया है। पुलिस की ओर से एसपी अजीत सिंह शेखावत के नेतृत्व में आयोजित इस जिला स्तरीय प्रतियोगिता में कुल 42 स्कूलों और 3 कॉलेजों की 18 टीमों ने हिस्सा लिया।
कड़े मुकाबले के बीच पुलिस डीएवी स्कूल की टीमों ने यातायात नियमों और सुरक्षित वाहन संचालन से जुड़े प्रश्नों के सटीक उत्तर देकर बाजी मारी। अंबाला पुलिस द्वारा विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए हर वर्ष जिला, रेंज और राज्य स्तर पर यह प्रतियोगिता करवाई जाती है। जिला स्तर पर विजेता रहे ये सभी विद्यार्थी अब रेंज स्तरीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में अंबाला का प्रतिनिधित्व करेंगे। स्कूल के प्राचार्य डॉ. विकास कोहली ने विजेता विद्यार्थियों व उनके अभिभावकों को बधाई दी।
-
ये रहे विजेता विद्यार्थी
लेवल-1 में प्रथम स्थान अदम्य, राघव धीमान ने हासिल किया। इसी प्रकार लेवल-2 में प्रथम स्थान मानिक, देवांश व ध्वज और लेवल-3 में प्रथम स्थान लावण्या व सक्षम ने हासिल किया।