नारायणगढ़। अहमदपुर गांव निवासी कर्मवीर की जहर खाने से मौत के मामले में नामजद आरोपी मंगेतर को पुलिस पांच दिन बाद भी काबू नहीं कर पाई है। जबकि पुलिस की तरफ से जाम खुलवाने के दौरान परिजनों को दो दिन का समय दिया गया था। बताया जा रहा है कि इस मामले में नामजद आरोपी अग्रिम जमानत याचिका लगाने की भी तैयारी कर रहे हैं। नारायणगढ़ थाना प्रभारी ललित कुमार ने बताया कि मंगेतर व अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए गांव व रिश्तेदारों में सभी जगह दबिश दी जा रही है। लेकिन वह फरार चल रहे हैं। जल्द आरोपियों को काबू कर लिया जाएगा।
कर्मवीर की 30 नवंबर की रात को मौत हो गई थी। मृतक के भाई निर्मल ने मंगेतर पायल पर भाई से रिश्ते के बाद शादी से इन्कार करने व भाई को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे। पायल व उनके घर वालों पर भी आरोप लगाया था कि कर्मवीर को आत्महत्या के लिए उकसाया है। नारायणगढ़ थाना पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा के तहत मंगेतर पायल, उसके पिता नरेश पाल, भाई हिमांशु, पायल की बुआ, शिवम पर प्राथमिकी दर्ज कर ली थी।