अंबाला सिटी। फर्जी एनडीसी से प्लॉट बेचने के आरोप में कांग्रेस नेता सहित दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त परिवाद के आधार पर थाना अंबाला शहर में कांग्रेस नेता इशू गोयल और उसके पार्टनर आयुष मित्तल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 (4) के तहत यह कार्रवाई की गई है।
लक्ष्मी नगर निवासी पवन पासी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अंबाला शहर में संपत्ति तलाश रहे थे, इसी दौरान उनकी मुलाकात कांग्रेस नेता इशू गोयल से हुई। आरोपी ने बाजार भाव से कम कीमत पर अच्छी प्रॉपर्टी दिलाने और छह महीने में कीमत बढ़ने से भारी मुनाफा होने का झांसा दिया। इसके बाद जीटी रोड स्थित कमल विहार क्षेत्र में करीब 160 वर्ग गज का प्लॉट दिखाया गया। आरोपी ने कहा कि यह सौदा उसके पार्टनर आयुष ने तय कर रखा है और उन्हें आगे बेचने का पूरा अधिकार है।
नगर निगम जांच में हुआ फर्जीवाड़े का खुलासा : नगर निगम, अंबाला में जांच कराने पर पता चला कि भेजे गए सभी दस्तावेज पूरी तरह फर्जी और कूटरचित थे। जीपीएस फोटो और दस्तावेज किसी अन्य संपत्ति के लगाकर एनडीसी तैयार करवाई गई थी। विरोध करने पर आरोपी झगड़ा करने लगे।
हालांकि, बाद में पंचायत के दबाव पर 24 जुलाई 2026 को पूरी राशि वापस कर दी गई। इसके बावजूद आरोपी ने रंजिश के चलते शिकायतकर्ता को धमकाना शुरू कर दिया।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि इशू गोयल ने अपनी पत्नी के पूर्व पार्षद पद का दुरुपयोग कर कई अन्य फर्जी एनडीसी भी जारी करवाई हैं।