अंबाला कैंट के स्टेडियम में वुशू प्रतियोगिता के ट्रायल देते हुए खिलाड़ी: संवाद
- कैंट के वारहीरोज मेमोरियल, सिटी के राजीव गांधी खेल स्टेडियम व शहजादपुर में दिखाया दम
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। खेल विभाग की ओर से जिले में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए शुरू की गई 21 खेल नर्सरियों के चयन की प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई। ट्रायल के पहले दिन अंबाला कैंट के वार हीरोज मेमोरियल स्टेडियम, सिटी के राजीव गांधी खेल स्टेडियम और शहजादपुर के आधुनिक खेल मैदान बड़ागढ़ में खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिला। अपनी जगह पक्की करने के लिए युवा खिलाड़ियों ने मैदान पर खूब पसीना बहाया। 31 मार्च यानी मंगलवार को भी ट्रायल चलेंगे। पहले दिन वुशू, जिम्नास्टिक, बॉक्सिंग, हॉकी, तैराकी आदि के ट्रायल हुए।
प्रत्येक नर्सरी में 25 खिलाड़ियों का होगा चयन
जिला खेल अधिकारी रामस्वरूप शर्मा ने बताया कि जिले में अलग-अलग खेलों की 21 नर्सरियां स्थापित की गई हैं। प्रत्येक नर्सरी में 25 होनहार खिलाड़ियों का चयन किया जाना है। इन ट्रायलों के दौरान अलग-अलग खेलों के अनुभवी कोच मौजूद रहे, जिन्होंने बारीकी से खिलाड़ियों की तकनीक, स्टेमिना और खेल कौशल का आकलन किया। ट्रायलों के बाद इसकी फाइनल लिस्ट जारी कर दी जाएगी। इसके लिए आयु सीमा 8 से 19 वर्ष व जन्म वर्ष 2007 या उसके बाद निर्धारित की गई है।
अंबाला कैंट के स्टेडियम में वुशू प्रतियोगिता के ट्रायल देते हुए खिलाड़ी: संवाद