नायब तहसीलदार से मिलकर जताया रोष, आंदोलन की दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
शहजादपुर। भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले सोमवार को क्षेत्र के किसानों ने सरसों खरीद में हो रही देरी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। जिला प्रधान विक्रम राणा बुर्ज के नेतृत्व में किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल उप-तहसील शहजादपुर पहुंचा और नायब तहसीलदार अमित वर्मा के सामने किसानों की समस्याओं को रखा।
किसान नेता विक्रम राणा बुर्ज ने कहा कि सरकार ने आधिकारिक तौर पर 28 मार्च से सरसों की खरीद शुरू करने का ऐलान किया था, लेकिन मंडियों में खरीद एजेंसियां नहीं पहुंची हैं। सरकार के इस ढुलमुल रवैये के कारण किसान अपनी उपज लेकर अधर में है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, सरसों खरीद कब शुरू होगी, इसका कोई अता-पता नहीं है। किसान की हालत बद से बदतर होती जा रही है।
पंजीकरण और सत्यापन का संकट
यूनियन ने बताया कि क्षेत्र में कुल 2435 एकड़ सरसों का पंजीकरण हुआ है, लेकिन अब तक मात्र 309 एकड़ भूमि का ही सत्यापन हो सका है। बिना सत्यापन के किसान अपनी फसल सरकारी पोर्टल पर नहीं बेच पा रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों ने कहा है कि यदि जल्द ही सत्यापन कार्य पूरा कर खरीद शुरू नहीं की गई, तो आगामी दिनों में किसान सड़कों पर उतरने को मजबूर होगा । किसानों की शिकायतों को सुनने के बाद नायब तहसीलदार अमित वर्मा ने बताया कि उप-तहसील में मात्र दो ऑपरेटर तैनात हैं, जिनमें से एक छुट्टी पर चला गया है। इस अवसर पर गुरविंदर सिंह, प्रदीप सिंह, जगजीत सिंह, पप्पू राणा बुर्ज सहित अन्य किसान मौजूद रहे।
नायब तहसीलदार अमित वर्मा से बातचीत करते किसान। संवाद