सेक्टर 10 स्थित स्टेडियम में तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाते पदाधिकारी। विभाग
तिरंगा यात्रा निकाल नशे से दूर रहने की ली शपथ
माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला सिटी। जिला प्रशासन और खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग के सौजन्य से बुधवार शाम सेक्टर-10 खेल स्टेडियम के पास हर घर तिरंगा अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। भाजपा जिलाध्यक्ष मनदीप राणा और एसडीएम दर्शन कुमार ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया। इससे पूर्व अतिथियों ने स्टेडियम परिसर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में करीब 300 खिलाड़ियों और कोच ने हाथों में तिरंगा थामकर भारत माता की जय के उद्घोष से पूरे माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। इस दौरान खिलाड़ी रिधिमा शर्मा ने सभी को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। वहीं आयोजित 400 मीटर दौड़ में राजन कुमार प्रथम, लवप्रीत द्वितीय और अर्पित कौशिक तीसरे स्थान पर रहे, जिन्हें स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष मनदीप राणा ने कहा कि 9 से 17 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान का मकसद हर नागरिक के दिल में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना है। एसडीएम दर्शन कुमार ने बताया कि 14 अगस्त को सुबह 7:30 बजे हर्बल पार्क के पास भी तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। इस मौके पर जिला खेल अधिकारी राम स्वरूप, डीआईपीआरओ धर्मेंद्र शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।