नन्हेंड़ा में छोड़े गए एक पालतू पीटबुल नस्ल के कुत्ते ने बीते रोज दहशत का माहौल बना दिया। देर शाम को जब करीब 28 वर्षीय गौरव सैर कर रहा था तो अचानक खुले में घूम रहे कुत्ते ने युवक पर हमला कर दिया। पहले तो कुत्ते ने युवक के पैरों पर काटने की कोशिश की। जब युवक ने खुद को बचाने के लिए अपने हाथ आगे किए तो कुत्ते ने बाजू व हाथ बुरी तरह से नोच दिया। कुत्ते ने युवक को जमीन पर भी गिरा दिया।
गनीमत यह रही कि लोगों ने चीखने की आवाज सुनकर डंडों व पत्थरों से कुत्ते को मौके से खदेड़कर युवक की जान बचाई। घायल को छावनी के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। यहां डाक्टरों ने युवक के टांके लगाना तक उचित नहीं समझा। केवल एंटी रेबिज का टीका लगाकर उसे सुबह आने की बात कहकर वापस लौटा दिया। इससे पहले पालम विहार में भी अमेरिकन बुल्ली दो कुत्तों ने गली में घूम रही महिला व उसके दोनों बच्चों को नोच लिया था।
डंडे लेकर गलियों में ढूंढती रही लोगों की टोली
युवक को काटने वाले कुत्ते को पहले तो लोगों ने मौके से भगा दिया था लेकिन इलाके के लोग डरे हुए थे। दोबारा किसी ओर को न काटे, इसलिए लोग डंडे लेकर काफी समय तक गलियों में कुत्ते को तलाशते रहे। कुत्ते का कुछ पता न चलने के बाद ही लोगों ने राहत की सांस ली। लोगों का कहना था कि कुत्ते को किसी मालिक ने छोड़ रखा है। पहले तो कुत्ता नन्हेड़ा चौक पर मीट की दुकान के पास बैठा हुआ था। वहां भी उसने हमला करने की कोशिश की थी। लोगों ने कुत्ते के मालिक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।