- 23 लाख रुपये किए जाएंगे खर्च, दुकानदारों की पुरानी मांग होगी पूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। कैंट की राय मार्केट में गंदे पानी की निकासी के लिए भूमिगत पाइपलाइन डाली जाएगी। इस सुविधा से दुकानदारों की बरसों पुरानी मांग पूरी होगी और उन्हें गंदगी व जलभराव से राहत मिलेगी। भूमिगत पाइप लाइन डालने का काम लगभग 23 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। नगर परिषद ने इस कार्य से जुड़ी निविदा जारी कर दी है और अगले सप्ताह इस निविदा को खोलकर नियम पूरे करने वाले ठेकेदार को कार्य आदेश जारी कर दिए जाएंगे।
भूमिगत नाले का निर्माण अंबाला-जगाधरी हाईवे पर बन रहे निर्माणाधीन बैंक स्क्वेयर के नजदीक से किया जाएगा। जोकि राय मार्केट से होता हुआ विजय रत्न चौक तक जाएगा। इस नाले को कैंट के मुख्य गुडगुडिया नाले से जोड़ा जाएगा ताकि पानी की निकासी सुचारु ढंग से हो सके।
विज से मिले थे दुकानदार
राय मार्केट एसोसिएशन के प्रधान हरप्रीत सिंह बब्बर ने बताया कि इस समस्या पर उन्होंने स्थानीय दुकानदारों के साथ मिलकर कुछ समय पहले कैबिनेट मंत्री विज से गुहार लगाई थी। उन्होंने मौके पर नगर परिषद के अधिकारियों को फोन करके भूमिगत पाइप लाइन डालने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए थे।
जलभराव से मिलेगी निजात
इंदिरा पार्क के साथ दुकानदार कृष्ण सिंह, महावीर, नरेंद्र, धर्मेंद्र आदि ने बताया कि मौजूदा समय में नाले की हालत बदतर है। नाले की सफाई हुए भी काफी समय बीत गया है। नाले की बदबू से दुकान पर बैठना मुश्किल हो गया है लेकिन कैबिनेट मंत्री के प्रयास से अब यह योजना सिरे चढ़ेगी और इसका सीधा फायदा यहां के दुकानदारों को होगा। उन्होंने नगर परिषद के अधिकारियों से भी आग्रह किया कि कार्य आदेश के बाद इस काम को प्राथमिकता से करवाया जाए ताकि बारिश के पानी व गंदगी से निजात मिल सके।
राय मार्केट के पीछे नाले को भूमिगत करने की निविदा जारी कर दी गई है। यह कार्य लगभग 23 लाख रुपये की लागत से होगा। इससे स्थानीय दुकानदारों को काफी फायदा होगा।
- देवेंद्र नरवाल, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद सदर, अंबाला