अंबाला। छावनी के बीडी फ्लोर स्थित करधान रोड की मुख्य सड़क पर दो जगह से पाइप लाइन लीकेज होने के कारण हरि नगर और निशांत बाग काॅलोनी में लोगों के घराें में चार दिन से मिट्टी वाला पानी आ रहा है। इस कारण लोगों को परेशानियों को सामना करना पड़ रहा है।
लोगों का आरोप है कि नगर परिषद की ओर से कुछ महीने पहले करधान रोड पर नहरी पानी के लिए पाइप डाली थी। इस दौरान जहां-जहां से पेयजल की पुरानी पाइप लाइन टूटती रही। उस पेयजल की पाइप लाइन में नगर परिषद ने प्लास्टिक के ज्वाइंट डाल दिए। इसके कारण करधान रोड पर ज्यादा ट्रैफिक होने के कारण इस पाइप लाइन में डाले प्लास्टिक के ज्वाइंट या टूट रहे हैं या फिर ढीले हो रहे हैं।
इसके कारण पिछले कुछ दिनों में करधान रोड से कई बार पाइप लाइन लीकेज हो रही है। दो दिन पहले ही करधान रोड पर बने गड्ढे से ट्रैक्टर का पहिया गुजर गया। जिसके कारण प्लास्टिक का ज्वाइंट टूट गया। सोमवार को जनस्वास्थ्य विभाग की ओर पाइप लाइन की लीकेज ठीक करने के लिए कर्मचारी पहुंचे। जिन्होंने दोनों ओर से रोड बंद कर रूट डायवर्ट कर दिया।
इस कारण करधान रोड पर जाम की स्थिति बनी रही। शाम तक जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से एक ही लीकेज के ज्वाइंट ठीक किए। दूसरी लीकेज को अगले दिन ठीक करेंगे। दुकानदार बलबीर सिंह ने बताया कि चार महीने पहले इस रोड पर जब से नहरी पानी की पाइप लाइन डाली गई है तब से लीकेज की समस्या शुरू हो गई है। पानी लीकेज होने से लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। कबाड़ व्यवसायी राजू ने बताया कि तीन दिन पहले ही जन स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी पानी की लीकेज को ठीक करके गए थे। इसके बाद फिर से रोड पर दो जगह से पानी की लीकेज हो रही है। निशात बाग निवासी इतवारी लाल ने बताया कि पानी लीकेज के कारण हमारे घर में चार दिन से गंदा मिट्टी वाला पानी आ रहा है। हम बाजार से पानी लाकर गुजारा चला रहे हैं। दुकानदार दीपक ने बताया कि कुछ दिन पहले विभाग की ओर से मेरी दुकान के आगे से खुदाई की गई थी जो आज भी खुदा हुआ है। इस कारण से ग्राहक भी दुकान में नहीं आ रहे हैं।
वर्जन
नगर परिषद की और से करधान रोड पर नहरी पानी के लिए पाइप लाइन डाली गई थी। इस दौरान जनस्वास्थ्य विभाग की पहले से पड़ी पानी की पाइप लाइन जहां- जहां से टूटी वहां पर नगर परिषद के कर्मचारियों ने प्लास्टिक के ज्वाइंट लगा दिए थे। ऐसे में अब इस रोड पर ज्यादा ट्रैफिक होने के कारण यह ज्वाइंट टूट रहे हैं या फिर खुल रहे हैं।
जगदीप सिंह विर्क, जेई, जनस्वास्थ्य विभाग, अंबाला छावनी।